30 सालों से निभा रहीं हैं राखी का रिश्ता: कौन हैं वो पाकिस्तानी मूल की महिला जो पीएम मोदी को हर साल बांधती हैं राखी?

06 अगस्त 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk:  अहमदाबाद की रहने वाली पाकिस्तानी मूल की कमर मोहसिन शेख प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुंहबोली बहन की तरह हैं और पिछले 30 वर्षों से हर साल अपने हाथ से बनी राखी उनके कलाई में बांधती आ रही हैं। रक्षाबंधन के अवसर पर यह परंपरा कायम है, जिसमें शेख खास तौर पर मोदी के लिए राखी बनाती हैं। इस साल उन्होंने ‘ॐ’ चिन्ह वाली पवित्र राखी डिजाइन की है। कमर मोहसिन बताती हैं कि मोदी जी को घर की बनी चीजें बहुत पसंद हैं, इसलिए वे राखी के साथ-साथ अपने हाथ से गुजराती में लिखे पत्र भी भेजती हैं। उनकी तैयारियां रक्षाबंधन से एक महीने पहले शुरू हो जाती हैं, जब वे चार से पांच राखियां बनाकर उनमें से सबसे अच्छी को मोदी के लिए चुनती हैं। पाकिस्तान में जन्मीं कमर मोहसिन शेख की शादी अहमदाबाद के चित्रकार मोहसिन शेख से हुई है। उन्होंने पहली बार 1994-95 में एक कार्यक्रम के दौरान मोदी से मुलाकात की थी, जब मोदी ने उन्हें “कैसी है बहन?” कहकर संबोधित किया था, जो उनके दिल को छू गया। उसी वर्ष रक्षाबंधन पर उन्होंने पहली बार मोदी के कलाई पर राखी बांधी और तब से यह रिश्ता लगातार निभाया जा रहा है।