28 जनवरी 2026 Fact Recorder
National Desk: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। थाना सिविल लाइन क्षेत्र के घंटाघर चौराहे पर एसडीएम की तेज रफ्तार कार ने स्कूली बच्चों से भरे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा पलट गया और उसमें सवार चार बच्चे सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय एसडीएम अंजलि गंगवार कार में सवार थीं। बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद भी वह गाड़ी से बाहर नहीं उतरीं और घायल बच्चों की स्थिति जानने की कोशिश नहीं की, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में नाराजगी देखी गई।
कैसे हुआ हादसा
ई-रिक्शा चालक वसीम ने बताया कि वह बच्चों को लेकर अलीगढ़ पब्लिक स्कूल जा रहा था। जैसे ही वह घंटाघर चौराहा पार कर रहा था, तभी पीछे से आई एसडीएम की तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया और बच्चे चीख-पुकार करते हुए गिर पड़े।
SDM के व्यवहार पर उठा सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत ई-रिक्शा को सीधा किया और घायल बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं, घटनास्थल पर मौजूद लोगों का आरोप है कि एसडीएम अंजलि गंगवार कार में ही बैठी रहीं और उन्होंने न तो बच्चों की हालत पूछी और न ही किसी तरह की मदद की। इसी बात को लेकर लोगों में खासा आक्रोश देखने को मिला।
बच्चों का इलाज जारी
घायल बच्चों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं। ई-रिक्शा चालक ने हादसे के लिए एसडीएम की कार की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।
फिलहाल इस पूरे मामले में प्रशासन या संबंधित एसडीएम की ओर से कोई आधिकारिक बयान या सफाई सामने नहीं आई है।











