3 साल में रणबीर ‘रामायण’ से जितना कमाएंगे, उतनी फीस सलमान सिर्फ ‘बिग बॉस 19’ से लेंगे!

24 जुलाई 2025 फैक्टर रिकॉर्डर

Bollywood DesK: रणबीर कपूर ने ‘रामायण’ के दोनों पार्ट्स के लिए जहां 150 करोड़ की फीस ली है और इस मेगा प्रोजेक्ट के लिए अपने तीन साल समर्पित किए हैं, वहीं सलमान खान ने ‘बिग बॉस 19’ के केवल तीन महीनों के लिए लगभग इतनी ही रकम झट से कमा ली है।

‘रामायण’ की मेगा बजट फिल्म—जिसकी लागत करीब 4000 करोड़ बताई जा रही है—इन दिनों चर्चाओं में है। रणबीर कपूर इसमें भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं और रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने दोनों पार्ट्स के लिए 150 करोड़ रुपये चार्ज किए हैं। यह फीस सुनकर हर कोई हैरान है, लेकिन अब इससे भी ज्यादा चौंकाने वाली बात सलमान खान की फीस को लेकर सामने आई है।

सलमान खान ‘बिग बॉस 19’ के साथ एक बार फिर टीवी पर वापसी कर रहे हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो वे इस बार शो के शुरुआती तीन महीने (करीब 15 हफ्ते) ही होस्ट करेंगे और इसके लिए उन्हें 120 से 150 करोड़ रुपये की मोटी फीस दी जा रही है। शो के वीकेंड एपिसोड के लिए सलमान को करीब 8 से 10 करोड़ रुपये प्रति एपिसोड मिलेंगे।

हालांकि, ‘बिग बॉस 19’ को इस बार 5 महीनों तक चलाने की योजना है, लेकिन सलमान खान केवल पहले तीन महीने ही नजर आएंगे। शो के अंतिम दो महीनों के लिए मेकर्स फराह खान, करण जौहर या अनिल कपूर जैसे नामों को होस्टिंग के लिए लाने पर विचार कर रहे हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले सलमान ‘बिग बॉस ओटीटी सीजन 2’ को होस्ट करने के लिए 96 करोड़ रुपये ले चुके हैं।

अब तुलना की जाए तो रणबीर कपूर को 150 करोड़ कमाने के लिए तीन साल की शूटिंग और समर्पण देना पड़ रहा है, जबकि सलमान खान ‘बिग बॉस’ के महज एक सीजन से ही उतनी ही रकम आराम से कमा रहे हैं — और वो भी हफ्ते में सिर्फ दो दिन स्क्रीन पर दिखकर।