Home Chandigarh चंडीगढ़ के स्ट्रीट वेंडरों के समर्थन में राष्ट्रीय लोकदल का बड़ा कदम,...

चंडीगढ़ के स्ट्रीट वेंडरों के समर्थन में राष्ट्रीय लोकदल का बड़ा कदम, हाईकोर्ट जाने का फैसला

September 02,2026 Fact Recorder

Chandigarh Desk:  चंडीगढ़ के स्ट्रीट वेंडरों की समस्याओं और उनके अधिकारों को लेकर राष्ट्रीय लोकदल चंडीगढ़ प्रदेश ने न्यायिक कदम उठाने का फैसला किया है। पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया से मुलाकात कर वेंडरों की समस्याओं और स्ट्रीट वेंडर यूनियन के प्रधान राम मिलन गौड़ के खिलाफ 21 अगस्त 2026 को किए गए चालान के मामले से अवगत कराया।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि कार्रवाई के दौरान सामान और नकदी जब्त किए जाने को लेकर भी प्रशासन के समक्ष अपनी बात रखी गई। राजभवन के निर्देश पर प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम कमिश्नर अमित सिंह और जॉइंट कमिश्नर हिमांशु गुप्ता से भी मुलाकात की। हालांकि, प्रतिनिधिमंडल के अनुसार नगर निगम अधिकारियों की ओर से सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए मामले का कोई ठोस समाधान नहीं किया जा सका।

राष्ट्रीय लोकदल का कहना है कि स्ट्रीट वेंडरों को न्याय दिलाने और गरीब वर्ग के हितों की रक्षा के लिए अब न्यायपालिका का रुख करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। इसी के तहत पार्टी ने चंडीगढ़ हाईकोर्ट में अपील करने का निर्णय लिया है।

प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रीय लोकदल चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष विद्याशंकर पाठक, प्रदेश उपाध्यक्ष राम मिलन गौड़, उत्तर प्रदेश वेलफेयर एसोसिएशन चंडीगढ़ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजीव वर्मा और सुनील कुमार पांडे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।