राजनाथ सिंह का बड़ा बयान: ईरान-अमेरिका-इजराइल तनाव के बीच भारत की सूझबूझ, तेल आपूर्ति सुरक्षित

13 अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk:  लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पश्चिम एशिया में जारी ईरान और अमेरिकाइजराइल के बीच तनाव को लेकर भारत की भूमिका पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि मौजूदा संकट के दौरान भारत ने सबसे ज्यादा सूझबूझ दिखाई है, जिसके चलते देश में एलपीजी गैस और पेट्रोल की आपूर्ति सुरक्षित बनी हुई है।

रक्षामंत्री ने विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि अन्य देशों में ईंधन संकट गहराया है, लेकिन भारत में स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने दुष्प्रचार फैलाने वालों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोगों ने हालात को लेकर गलत संदेश देने की कोशिश की, जबकि वास्तविकता यह है कि देश में आवश्यक आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है।

उन्होंने यह भी कहा कि भारत के हॉर्मुज जलडमरूमध्य से तेल लाने वाले जहाज सुरक्षित रूप से आ-जा रहे हैं, जो भारत की संतुलित विदेश नीति का परिणाम है। भारत के अमेरिका और ईरान दोनों के साथ अच्छे संबंध होने के कारण ही यह संभव हो पाया है।

रक्षामंत्री ने संकेत दिया कि क्षेत्र में जारी संघर्ष कब तक चलेगा, यह कहना मुश्किल है, लेकिन भारत सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की प्राथमिकता देशवासियों को किसी भी तरह की कमी से बचाना है।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने लखनऊ के विकास कार्यों की भी सराहना की और स्थानीय लोगों से संवाद करते हुए उनके सुझाव सुने। इस अवसर पर राज्य के कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ नागरिक भी उपस्थित रहे।