11 July 2026 Fact Recorder
Himachal Desk: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। कई जिलों में बाढ़, भूस्खलन और जलभराव की घटनाओं से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मानसून सीजन के दौरान अब तक प्रदेश में 17 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, सोलन में सामान्य से 870 प्रतिशत, सिरमौर में 743 प्रतिशत और शिमला में 669 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है। लगातार बारिश के चलते सड़कें बंद हो गई हैं, कई संपर्क मार्ग बाधित हैं और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा लगातार बना हुआ है।
तीन और लोगों की मौ*त
कुल्लू जिले के आनी उपमंडल के घलाडनाला में पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने से 70 वर्षीय शिव राम की मौत हो गई। वह पैदल बाजार जा रहे थे, तभी उनके सिर पर पत्थर आ गिरा।
आनी क्षेत्र में ही बकरियां चराने गए 62 वर्षीय व्यक्ति की फिसलकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिरने से मौ*त हो गई।
वहीं, सिरमौर जिले के पांवटा साहिब उपमंडल के जामनीवाला में किराये के कमरे में रहने वाले उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी 25 वर्षीय रोहित कुमार की सांप के काटने से जान चली गई।
चलती कार पर गिरा पत्थर, पांच घायल
सोलन जिले के कुनिहार के नरवाड़ गांव में गंभरपुल-सरली मार्ग पर पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण एक चलती कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोग घायल हुए, जिनमें दो महिलाओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है।
कुल्लू में फिर भूस्खलन का खतरा
कुल्लू के इनर अखाड़ा बाजार में एक बार फिर भूस्खलन हुआ है। यह वही स्थान है जहां पिछले वर्ष हुए भूस्खलन में 10 लोगों की मौत हुई थी। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर प्रभावित पहाड़ी पर तिरपाल बिछाई हुई है।
हाईवे पर मलबा, पर्यटक बाल-बाल बचे
कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर हणोगी बाजार के पास भारी बारिश के कारण चट्टान और मलबा सड़क पर आ गया। हालांकि शुक्रवार सुबह बड़े वाहनों के लिए मार्ग बहाल कर दिया गया। मंडी के झलोगी क्षेत्र में पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण दिल्ली से आए पर्यटकों की कार क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन सभी लोग सुरक्षित बच गए।
सिरमौर में जलभराव, 40 लोग घरों में फंसे
सिरमौर जिले के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में भारी बारिश के कारण सड़कें जलमग्न हो गईं। पानी घरों, दुकानों और उद्योगों में घुसने से कच्चे और तैयार माल को नुकसान पहुंचा है। वहीं नाहन के बड़ा चौक स्थित जोशियों वाली गली में डंगा गिरने से आठ परिवारों के करीब 40 लोग घरों में फंस गए।
नदियां उफान पर, बांध के सभी गेट खुले
सिरमौर जिले की गिरि, यमुना, जलाल, वाता और टॉस नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। गिरि नदी में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए गिरि जटोन बांध के सभी 10 गेट खोल दिए गए हैं।
120 से अधिक संपर्क मार्ग बंद
लगातार बारिश के कारण प्रदेशभर में करीब 120 संपर्क मार्ग बंद हैं। शिमला के विकासनगर में पहाड़ी से पत्थर गिरने से दो वाहन क्षतिग्रस्त हुए, जबकि टूटू क्षेत्र में पेड़ गिरने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। प्रशासन बंद सड़कों को खोलने और राहत कार्यों में जुटा हुआ है।













