Home Chandigarh चंडीगढ़ में बारिश से उमस और गर्मी से राहत, तापमान 3-4 डिग्री...

चंडीगढ़ में बारिश से उमस और गर्मी से राहत, तापमान 3-4 डिग्री गिरा; 18 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट

August 18,2026  Fact Recorder

Chandigarh Desk:  चंडीगढ़ में सोमवार सुबह हुई बारिश ने कई दिनों से जारी गर्मी और उमस से लोगों को राहत दिलाई। तड़के घने बादलों के साथ शुरू हुई बारिश और ठंडी हवाओं से मौसम सुहाना हो गया। बारिश रुकने के बाद सुखना लेक समेत शहर के पर्यटन स्थलों पर लोगों की आवाजाही भी बढ़ी। हालांकि, कुछ निचले इलाकों में जलभराव के कारण स्कूल और दफ्तर जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

बारिश और ठंडी हवाओं के असर से चंडीगढ़ के तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। शहर का अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री कम है। पिछले 24 घंटों में 1.5 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। पंचकूला, मनीमाजरा और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में शाम के समय भी बारिश हुई।

18 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटे तक क्षेत्र में मौसम सक्रिय रहने की संभावना है। 18 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 19 और 20 अगस्त को भी बादल छाए रहने के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। बारिश के चलते तापमान में और गिरावट आने तथा लोगों को उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।

मानसून का कोटा अभी भी सामान्य से पीछे

चंडीगढ़ में इस मानसून सीजन के दौरान 1 जून से 17 अगस्त तक 452.7 एमएम बारिश दर्ज हुई है। यह सामान्य बारिश के मुकाबले 26.4 फीसदी कम है। यानी हाल के दिनों में बारिश होने के बावजूद पूरे मानसून सीजन का आंकड़ा अभी सामान्य से नीचे बना हुआ है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक अगस्त में पिछले वर्षों में बारिश का आंकड़ा अलग-अलग रहा है। अगस्त 2020 में 441.3 एमएम, 2021 में 168.3 एमएम, 2022 में 159.1 एमएम, 2023 में 270.2 एमएम और 2024 में 351.6 एमएम बारिश दर्ज की गई थी।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान जताया है। जलभराव की स्थिति को देखते हुए वाहन चालकों को बारिश के दौरान सावधानी बरतने और पानी भरे रास्तों पर अनावश्यक रूप से जाने से बचने की सलाह दी गई है।