03 अक्टूबर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: मानसून बाद भी बरसात जारी, 13 राज्यों में अलर्ट;
मानसून सीजन खत्म होने के बावजूद देश के कई राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान का दौर जारी है। छत्तीसगढ़ में बुधवार को बारिश और बिजली गिरने से चार लोगों की मौ/त हो गई। राज्य के 28 जिलों में अगले तीन दिनों तक तेज बारिश का अलर्ट जारी है।
बिहार के बक्सर और नवादा जिलों में बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हुई, जबकि मध्य प्रदेश के पन्ना में भी एक व्यक्ति की जान गई। वहीं झारखंड के दुमका में तेज बारिश के बीच एक महिला नाले में बह गई।
मौसम विभाग ने देश के 13 राज्यों—आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर—में भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई है।
बंगाल: दुर्गा पूजा पर असर
बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के चलते पश्चिम बंगाल में विजयदशमी के दिन कई जिलों में बारिश हुई। इससे दुर्गा पूजा और विसर्जन कार्यक्रम प्रभावित हुए। दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर व झाड़ग्राम जिलों में अगले 24 घंटे में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
जम्मू-कश्मीर: ऑरेंज अलर्ट
श्रीनगर मौसम केंद्र के अनुसार 4 से 7 अक्तूबर के बीच बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 6 अक्तूबर को जम्मू, उधमपुर, डोडा और कठुआ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान तापमान में गिरावट आ सकती है और ठंड का असर बढ़ेगा।
ओडिशा: सात जिलों में रेड अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब के कारण ओडिशा में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने सात जिलों में रेड अलर्ट, 16 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और सात जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। गोपालपुर तट से यह सिस्टम टकरा सकता है, जिससे हालात और बिगड़ने की आशंका है।
तीन बड़े मौसमी सिस्टम होंगे सक्रिय
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 96 घंटों में अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से तीन बड़े मौसमी सिस्टम सक्रिय हो सकते हैं। इससे कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक मौसम पर असर पड़ेगा।













