अगले हफ्ते नई दिल्ली का दौरा करेंगे अफगान विदेश मंत्री, तालिबान सरकार के शीर्ष नेता की पहली आधिकारिक भारत यात्रा

अगले हफ्ते नई दिल्ली का दौरा करेंगे अफगान विदेश मंत्री, तालिबान सरकार के शीर्ष नेता की पहली आधिकारिक भारत यात्रा

03 अक्टूबर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

International Desk: तालिबानी विदेश मंत्री आमिर खान मुत्तकी अगले हफ्ते आएंगे भारत, तालिबान शासन के बाद पहली आधिकारिक यात्रा
अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्तकी अगले हफ्ते भारत दौरे पर नई दिल्ली आएंगे। तालिबान के सत्ता में आने के बाद किसी अफगान मंत्री की यह पहली आधिकारिक भारत यात्रा होगी। मुत्तकी 9 से 16 अक्तूबर तक भारत में रहेंगे।

संयुक्त राष्ट्र ने दी यात्रा छूट
मुत्तकी की यात्रा पहले संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) के प्रतिबंधों के कारण टल गई थी। हालांकि, सुरक्षा परिषद ने 30 सितंबर को आधिकारिक कारणों के लिए उनके यात्रा प्रतिबंध में छूट दे दी। इसके तहत अब वह नई दिल्ली आ सकेंगे।

मॉस्को से आएंगे दिल्ली
अफगान मीडिया के अनुसार, मुत्तकी पहले 6 अक्तूबर को रूस में होने वाली मॉस्को फॉर्मेट वार्ता के सातवें दौर में हिस्सा लेंगे और उसके बाद भारत का रुख करेंगे।

भारत-अफगानिस्तान रिश्तों में अहम कदम
विशेषज्ञों का मानना है कि इस यात्रा से भारत और अफगानिस्तान की तालिबान सरकार के बीच संबंधों को नई दिशा मिल सकती है। मई 2025 में विदेश मंत्री एस. जयशंकर और मुत्तकी के बीच फोन पर बातचीत हुई थी, जो तालिबान शासन के बाद पहली उच्च-स्तरीय वार्ता थी। भारत ने अभी तक तालिबान को औपचारिक मान्यता नहीं दी है और काबुल में समावेशी सरकार की वकालत कर रहा है।

भारत की भूमिका
भारत लगातार इस बात पर जोर देता रहा है कि अफगानिस्तान की धरती का इस्तेमाल किसी भी देश के खिलाफ आतंकवादी गतिविधियों के लिए नहीं होना चाहिए। जनवरी 2025 में विदेश सचिव विक्रम मिस्री और मुत्तकी की काबुल में मुलाकात भी हो चुकी है।
भारत अब तक अफगानिस्तान को गेहूं और दवाओं समेत कई मानवीय सहायता की खेपें भेज चुका है। अगस्त 2021 में तालिबान द्वारा सत्ता कब्जाने के बाद भारत ने सुरक्षा कारणों से काबुल दूतावास खाली कर दिया था। हालांकि जून 2022 में वहां एक तकनीकी टीम तैनात की गई, जिससे भारत की राजनयिक उपस्थिति फिर से स्थापित हुई।