हथियार तस्कर के बारे जानकारी देते एडीसीपी अमनदीप बराड़ और एसीपी राजेश शर्मा।
लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल सेल ने गुप्त सूचना के आधार पर अवैध हथियार रखने के आरोप में बिहार निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से तीन अवैध देसी पिस्तौल, छह मैगजीन और 25 गोलियां बरामद की हैं।
.
आरोपी की पहचान बिहार के झंझारपुर निवासी मनीष कुमार उर्फ शंकर (25) के रूप में हुई है, जो यहां ग्यासपुरा के गुरु तेग बहादुर नगर में किराए के मकान में रह रहा था।

एडीसीपी अमनदीप बराड़, एसीपी राजेश शर्मा और एसएचओ नवदीप जानकारी देते हुए।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की नाकाबंदी
ADCP अमनदीप सिंह बराड़ और ACP डिटेक्टिव राजेश शर्मा ने बताया कि विशेष सेल की एक टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर ईस्टमैन चौक के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी इलाके से गुजर रहा था। पुलिस ने उसे चेकिंग के लिए रोका। तलाशी लेने पर पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध हथियार और गोला-बारूद बरामद किया।

लुधियाना पुलिस ने हथियार तस्कर से बरामद किए 3 पिस्टल और गोलियां।
ADCP बोले- मध्य प्रदेश से हथियारों की तस्करी करता था
ADCP अमनदीप ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह मध्य प्रदेश से हथियारों की तस्करी करता था। संदेह है कि आरोपी हथियारों की तस्करी पंजाब में सक्रिय गिरोहों को बेचने के लिए करता था। उन्होंने बताया कि आरोपी का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। हालांकि, साहनेवाल थाने में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 54 और 59 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
आरोपी को रविवार को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी को पूछताछ के लिए तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। ADCP बराड़ ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी से और भी अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद है। पुलिस आरोपी को अवैध हथियार सप्लाई करने वाले आरोपी का भी पता लगाने की कोशिश कर रही है।











