13 अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: पश्चिमी राजस्थान के महत्वाकांक्षी पचपदरा रिफाइनरी परियोजना के उद्घाटन की तैयारियां तेज हो गई हैं। नरेंद्र मोदी 21 अप्रैल को इस रिफाइनरी का उद्घाटन करेंगे, उससे पहले व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए राज्य सरकार सक्रिय हो गई है।
इसी कड़ी में भजनलाल शर्मा सोमवार को दोपहर करीब 12 बजे पचपदरा पहुंचकर ‘ग्राउंड जीरो’ का निरीक्षण करेंगे और तैयारियों का जायजा लेंगे। वहीं, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास पहले ही क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं और आज परियोजना स्थल पर पहुंचकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे। उनके साथ राजीव शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
मुख्य सचिव का यह दौरा रिफाइनरी परियोजना की प्रगति, जमीनी तैयारियों के आकलन और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को मजबूत करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है। प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा, यातायात और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी विस्तार से समीक्षा की जा रही है।
पचपदरा रिफाइनरी को पश्चिमी राजस्थान के औद्योगिक विकास की रीढ़ माना जा रहा है। इसके शुरू होने से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, निवेश बढ़ेगा और आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी, जिससे पूरे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद है।











