Home Hindi अयोध्या पहुंचे PM Modi: जयश्रीराम के नारों और पुष्पवर्षा के साथ हुआ...

अयोध्या पहुंचे PM Modi: जयश्रीराम के नारों और पुष्पवर्षा के साथ हुआ अभूतपूर्व स्वागत

अयोध्या पहुंचे PM Modi: जयश्रीराम के नारों और पुष्पवर्षा के साथ हुआ अभूतपूर्व स्वागत

25 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk:  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को अयोध्या पहुंचे, जहां श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण के अवसर पर उनका भव्य और अभूतपूर्व स्वागत किया गया। जैसे ही प्रधानमंत्री का काफिला साकेत महाविद्यालय से टेढ़ी बाजार होते हुए राम मंदिर परिसर की ओर बढ़ा, पूरे मार्ग में अयोध्यावासी ‘जयश्रीराम’ और ‘जय जय हनुमान’ के गगनभेदी नारों से वातावरण को भक्तिमय करते रहे। लोगों ने एक हाथ में भगवा ध्वज और दूसरे हाथ में तिरंगा थामकर पुष्पवर्षा से प्रधानमंत्री का स्वागत किया। पीएम मोदी ने भी मुस्कुराते हुए लगातार हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। अयोध्या पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर प्रधानमंत्री का स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने रामनगरी में स्थित सप्त मंदिरों—महर्षि वशिष्ठ, महर्षि विश्वामित्र, महर्षि अगस्त्य, महर्षि वाल्मीकि, देवी अहिल्या, निषादराज गुह और माता शबरी मंदिर—में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इसके अलावा उन्होंने शेषावतार मंदिर और माता अन्नपूर्णा मंदिर में भी दर्शन किए। रामलला के दरबार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, RSS प्रमुख डॉ. मोहन भागवत और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधिविधान से पूजा और आरती की। पुजारियों ने उन्हें राम-नामी गमछा ओढ़ाया और प्रसाद प्रदान किया। प्रधानमंत्री ने रामलला का आशीर्वाद प्राप्त कर देश के लिए मंगलकामनाएं कीं।