panchkula pinjoe forest team attack | पेड़ तस्करों द्वारा वन कर्मियों को कुचलने की कोशिश: पिंजौर में खैर के पेड़ काट रहे तस्करों को रोकने गई थी टीम; आरोपी फरार – Panchkula News

हरियाणा में पंचकूला के पिंजौर के एचएमटी क्षेत्र में खैर के पेड़ों की अवैध कटाई कर लकड़ी ले जा रहे तस्करों को पकड़ने गई वन विभाग की टीम पर ही आरोपियों ने पिकअप चढ़ाने की कोशिश की। हालांकि, वन कर्मियों ने छलांग लगाकर खुद को बचाया और तत्परता दिखाते हुए

वन अधिकारी देवेंद्र ने बताया कि उन्हें क्षेत्र में अवैध कटाई की सूचना मिली थी, जिसके बाद पिंजौर व कालका रेंज का स्टाफ मौके पर पहुंचा। रविवार सुबह करीब 6 बजे एक पिकअप जंगल में पहुंची, जिसमें से छह-सात लोग उतरकर पहले से काटे गए खैर के पेड़ों को गाड़ी में लोड करने लगे।

इसी दौरान वन रक्षक दीपक कुमार, बसंत कुमार, वन दरोगा तेजवीर और अनिल कुमार ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की।गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपियों ने पिकअप स्टार्ट कर भागने का प्रयास किया और वन कर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। लेकिन कर्मचारियों ने सतर्कता दिखाते हुए जंगल की ओर छलांग लगाकर अपनी जान बचाई।

इसके बाद उन्होंने अपनी गाड़ियों से पिकअप का पीछा किया और उसे रोक लिया । लेकिन इसी दौरान आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। जानकारी के मुताबिक जांच के दौरान पता चला कि तस्करों ने कुल 21 खैर के पेड़ काटे थे, जिनकी लकड़ी गाड़ी और आसपास के क्षेत्र में पड़ी मिली। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।