Panchkula Fire Breaks Out Auto Showroom Update | पंचकूला में ऑटो शोरूम में लगी आग: 18 दोपहिया गाड़ियां जलकर राख; इलेक्ट्रिक बाइक में हुआ था शॉर्ट सर्किट – Panchkula News

हरियाणा के पंचकूला के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 स्थित एक ऑटो शोरूम में शुक्रवार सुबह भीषण आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि शोरूम में खड़े करीब 18 दोपहिया वाहन, जिनमें कुछ इलेक्ट्रिक बाइक और कई एक्टिवा स्कूटर शामिल थे, जलकर खाक हो गए।

प्लॉट नंबर 154 से धुआं निकलता देख लोगों ने फौरन इसकी सूचना सर्विस मैनेजर विशाल को दी। विशाल तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस व फायर विभाग को डायल 112 के माध्यम से सूचना दी। कुछ ही देर में सेक्टर 19 चौकी पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं।

शोरूम में आग तेजी से फैल चुकी थी। फायर ब्रिगेड कर्मी मनिंदर सिंह ने शटर तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। सेक्टर 20 और सेक्टर 5 फायर स्टेशनों से पहुंचे दो फायर टेंडरों की मदद से फायर ब्रिगेड कर्मियों ने स्थिति को संभाला।

शोरूम में रखे सभी कंप्यूटर और दोपहिया वाहन जलकर राख सर्विस मैनेजर विशाल के अनुसार, शोरूम में रखे सभी कंप्यूटर, फर्नीचर, टेबल और एसेसरीज भी आग की भेंट चढ़ गए। जलने वाले दोपहिया वाहनों में एक गीगासर बाइक थी, और पांच बर्गरनैन एक्टिवा स्कूटर शामिल हैं।

जिला दमकल अधिकारी तरसेम राणा ने बताया कि आग के कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन शुरुआती तौर पर इलेक्ट्रिक वाहनों में शॉर्ट सर्किट को संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, फायर ब्रिगेड कर्मियों की तत्परता से कई अन्य नए वाहनों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।