कैंसर से सुरक्षा की नई पहल: 14 साल की लड़कियों को मिलेगा मुफ्त HPV टीका, जल्द शुरू होगा देशव्यापी अभियान

25 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Health Desk: देश में महिलाओं के स्वास्थ्य को मजबूत करने की दिशा में भारत सरकार एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। केंद्र सरकार जल्द ही पूरे देश में HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण कार्यक्रम शुरू करेगी, जिसके तहत 14 साल की लड़कियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए मुफ्त टीका लगाया जाएगा। यह टीकाकरण पूरी तरह स्वैच्छिक होगा और सरकारी अस्पतालों व स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध कराया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक, इस अभियान के तहत हर साल करीब 1.15 करोड़ किशोरियों को मुफ्त HPV वैक्सीन दी जाएगी। इसका उद्देश्य समय रहते सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम करना है, जो देश में महिलाओं में होने वाले कैंसरों में दूसरा सबसे आम कैंसर माना जाता है।

क्यों जरूरी है HPV टीकाकरण
भारत में हर साल सर्वाइकल कैंसर के करीब 80 हजार नए मामले सामने आते हैं, जबकि 42 हजार से अधिक महिलाओं की मौत इस बीमारी के कारण हो जाती है। डॉक्टरों के अनुसार, सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण HPV संक्रमण है, खासकर इसके टाइप 16 और 18। अच्छी बात यह है कि टीकाकरण और समय पर जांच से इस कैंसर को काफी हद तक रोका जा सकता है।

कौन सा टीका लगेगा
सरकारी कार्यक्रम में गार्डासिल (Gardasil) नाम की HPV वैक्सीन का इस्तेमाल किया जाएगा। यह क्वाड्रिवैलेंट वैक्सीन है, जो HPV के चार प्रकार—16, 18, 6 और 11—से सुरक्षा देती है। यह नॉन-लाइव वैक्सीन है, यानी इससे संक्रमण का खतरा नहीं होता। दुनियाभर में इसके करोड़ों डोज दिए जा चुके हैं और शोध बताते हैं कि एक डोज भी लंबे समय तक प्रभावी सुरक्षा प्रदान करती है। विश्व स्वास्थ्य संगठन भी HPV टीकाकरण को सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन की वैश्विक रणनीति का अहम हिस्सा मानता है।

कहां और कैसे लगेगा टीका
यह टीकाकरण सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों—आयुष्मान आरोग्य मंदिर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेजों—में किया जाएगा। हर केंद्र पर प्रशिक्षित डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ मौजूद रहेगा और टीकाकरण के बाद निगरानी की पूरी व्यवस्था होगी।

दुनिया का अनुभव, भारत की तैयारी
दुनिया के करीब 160 देशों ने अपने राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम में HPV वैक्सीन को शामिल कर लिया है। इनमें से 90 से अधिक देश एक-डोज शेड्यूल अपना रहे हैं, जहां HPV संक्रमण और सर्वाइकल कैंसर के मामलों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। अब भारत भी इसी दिशा में ठोस कदम बढ़ाने जा रहा है।

सरकार की अपील
सरकार ने माता-पिता और अभिभावकों से अपील की है कि अभियान शुरू होते ही वे अपनी 14 साल की बेटियों का टीकाकरण जरूर कराएं। HPV टीका सिर्फ एक इंजेक्शन नहीं, बल्कि बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने की मजबूत ढाल है।