नरेंद्र मोदी ने चंद्रशेखर आजाद को बलिदान दिवस पर दी श्रद्धांजलि

27 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महान स्वतंत्रता सेनानी चंद्रशेखर आजाद के बलिदान दिवस पर उन्हें आदरपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने सोशल मीडिया मंच X पर पोस्ट कर कहा, “भारत माता के वीर सपूत चंद्रशेखर आजाद के बलिदान दिवस पर उन्हें मेरी आदरपूर्ण श्रद्धांजलि। मां भारती को गुलामी की बेड़ियों से मुक्त कराने के लिए उन्होंने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, जिसके लिए वे सदैव स्मरणीय रहेंगे।”

आज 27 फरवरी 1931 को इलाहाबाद (अब प्रयागराज) के अल्फ्रेड पार्क में अंग्रेजों से मुठभेड़ के दौरान आजाद ने अंतिम गोली स्वयं को मारकर वीरगति प्राप्त की थी। उनकी स्मृति में 27 फरवरी को बलिदान दिवस के रूप में मनाया जाता है।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी उन्हें नमन करते हुए कहा कि उनका तेजस्वी जीवन और ओजस्वी विचार देशवासियों को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे।

वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा, “दुश्मन की गोलियों का हम सामना करेंगे, आजाद ही रहे हैं, आजाद ही रहेंगे।” उन्होंने कहा कि आजाद का त्याग और बलिदान युगों-युगों तक देशवासियों को प्रेरणा देता रहेगा।