September 05,2026 Fact Recorder
Chandigarh Desk: दरिया में 24 वर्षीय युवक पवन की मौ*त के मामले में नामजद आरोपियों में से एक मलकीत की मां भजन कौर ने अदालत का रुख किया है। उन्होंने पुलिस पर घर को घेरने का आरोप लगाते हुए खुद और अपने परिवार को घर में प्रवेश करने तथा वहां रहने की अनुमति देने के निर्देश जारी करने की मांग की है।
भजन कौर ने वरिष्ठ अधिवक्ता एएस सुखीजा और जरनैल सिंह के माध्यम से ड्यूटी मजिस्ट्रेट शेर सिंह की अदालत में आवेदन दायर किया। अदालत ने आवेदन पर चंडीगढ़ पुलिस को नोटिस जारी कर शनिवार को जवाब दाखिल करने को कहा है।
यह आवेदन औद्योगिक क्षेत्र थाना-1 में 30 अगस्त को दर्ज एफआईआर नंबर 73 के संबंध में दायर किया गया है। मामला दरिया गांव स्थित होटल लिगेसी में पार्टी के बाद पवन का कथित तौर पर पीछा करने और वाहनों से टक्कर मारने के बाद हुई मौत से जुड़ा है।
दो आरोपी गिरफ्तार, स्कॉर्पियो बरामद
पुलिस ने 2 सितंबर को मामले में जिरकपुर निवासी 25 वर्षीय शुभाष और हल्लोमाजरा निवासी 26 वर्षीय मोनू जसवाल को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने कथित वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो भी बरामद की। इसके बाद अदालत ने दोनों आरोपियों को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया था।
आरोपी की मां ने लगाए ये आरोप
अदालत में दाखिल आवेदन में भजन कौर ने दावा किया कि उनके बेटे मलकीत को मामले में गलत तरीके से फंसाया गया है। उनका कहना है कि एफआईआर में नाम सामने आने के बाद गिरफ्तारी के डर से मलकीत घर से चला गया और फिलहाल परिवार को उसके ठिकाने की जानकारी नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मलकीत अग्रिम जमानत की तैयारी कर रहा था, लेकिन इससे पहले पुलिस ने उनके घर को घेर लिया। आवेदन के मुताबिक, पुलिस कार्रवाई के डर से परिवार घर पर ताला लगाकर वहां से चला गया। भजन कौर ने कहा कि परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और उनके पास रहने के लिए कोई दूसरा स्थान नहीं है।
CCTV फुटेज को लेकर भी अदालत से गुहार
भजन कौर ने आवेदन में घर में लगे CCTV कैमरों और उनकी हार्ड डिस्क का भी जिक्र किया है। उनका दावा है कि CCTV फुटेज में उनका बेटा दिखाई दे रहा है और यह फुटेज कथित घटना में उसकी भूमिका को स्पष्ट करने में मदद कर सकती है।
उन्होंने अदालत से CCTV फुटेज और अन्य संबंधित डिजिटल डेटा को सुरक्षित रखने के निर्देश देने की मांग की है। साथ ही पुलिस को कैमरे, हार्ड डिस्क या DVR से संबंधित किसी भी कार्रवाई को कानून के तहत करने के निर्देश देने का आग्रह किया है।
परिवार को घर में प्रवेश की अनुमति देने की मांग
भजन कौर ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और औद्योगिक क्षेत्र थाना-1 के थाना प्रभारी को निर्देश देने की मांग की है कि उन्हें और उनके परिवार को बिना किसी उत्पीड़न के अपने घर में प्रवेश करने और वहां रहने की अनुमति दी जाए।
मामले की एफआईआर पवन के भाई सूरज की शिकायत पर दर्ज की गई थी। शिकायत के अनुसार, पवन और सूरज पर स्कॉर्पियो और काले रंग की थार में सवार लोगों ने कथित तौर पर हमला किया था। पवन को सरकारी मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल-16 ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं सूरज घायल हुआ और उसे पीजीआईएमईआर रेफर किया गया।













