Hindi English Punjabi

70 साल लिव-इन के बाद शादी: 95 वर्षीय दूल्हा, 90 वर्षीय दुल्हन

6

06 जून 2025 फैक्टर रिकॉर्डर

National Desk: 70 साल लिव-इन में रहने के बाद बुज़ुर्ग जोड़े की अनोखी शादी, गांव में मनी खुशी                  राजस्थान के डूंगरपुर ज़िले के एक गांव से लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़ी एक अनोखी और चर्चा में आई कहानी सामने आई है। यहां 95 वर्षीय रामाभाई अंगारी और 90 वर्षीय जीवली देवी ने 70 साल तक लिव-इन में रहने के बाद आखिरकार शादी कर ली। इस मौके पर गाजे-बाजे के साथ बारात निकाली गई और पूरे रीति-रिवाज़ से शादी संपन्न हुई।

इस बुज़ुर्ग जोड़े के आठ बच्चे हैं — चार बेटे और चार बेटियां। इनमें से चार बच्चे सरकारी नौकरी में हैं और दो बहुएं भी सरकारी सेवा में कार्यरत हैं। जब उनके बच्चे बड़े होकर आत्मनिर्भर हो गए, तब उन्होंने अपने माता-पिता की शादी कराने का फैसला लिया। शादी के दिन रामाभाई की बिंदौरी भी निकाली गई, जिसमें दूल्हा-दुल्हन खुले जीप में पूरे गांव में घूमे। बारात में पोते-पोतियों और बच्चों ने ढोल-नगाड़ों पर नाचकर उत्सव का रंग जमा दिया।

शादी की खुशी में पूरे गांव को भोज भी दिया गया। यह शादी इसलिए भी खास रही क्योंकि 70 साल तक साथ रहने के बावजूद यह जोड़ा अब जाकर औपचारिक रूप से एक-दूसरे का जीवनसाथी बना।

लिव-इन रिलेशनशिप क्या है?
लिव-इन रिलेशनशिप एक ऐसा संबंध है जिसमें शादी के बिना लड़का-लड़की एक साथ रहते हैं, जैसे पति-पत्नी। अगर रिश्ता सहज चलता है, तो वे साथ रहते हैं, अन्यथा अलग हो जाते हैं। हालांकि भारत में अभी भी इस तरह के संबंधों को पूरी तरह से सामाजिक स्वीकृति नहीं मिली है।

इस बुज़ुर्ग जोड़े की कहानी समाज को यह संदेश देती है कि सच्चे रिश्ते उम्र या औपचारिकताओं के मोहताज नहीं होते।