Home Himachal मंडी के पार्षदों को वार्ड विकास के लिए मिलेंगे ₹3-3 लाख, सफाई...

मंडी के पार्षदों को वार्ड विकास के लिए मिलेंगे ₹3-3 लाख, सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए वार्ड 15 ठेके पर देने का फैसला

September 17,2026 Fact Recorder

Himachal Desk:  नगर निगम मंडी की सामान्य बैठक में वार्ड विकास, सफाई व्यवस्था, राजस्व बढ़ाने और शहर के सौंदर्यीकरण को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। बैठक में प्रत्येक पार्षद को अपने वार्ड में स्ट्रीट लाइट, बेंच और अन्य छोटे विकास कार्यों के लिए ₹3 लाख की राशि उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया गया।

बैठक की अध्यक्षता नगर निगम मंडी की महापौर सुमन ठाकुर ने की। सफाई कर्मचारियों की कमी को देखते हुए वार्ड नंबर 15 को ठेके पर देने तथा सीएलसी के माध्यम से अतिरिक्त कर्मचारी रखने पर भी सहमति बनी।

बकाया राशि की होगी वसूली

नगर निगम की आय बढ़ाने के लिए दुकानों, खोखा-रेहड़ी संचालकों और अन्य निगम संपत्तियों से संबंधित बकाया राशि की वसूली के लिए कार्रवाई करने का फैसला लिया गया। अधिकारियों को बकाया राजस्व जुटाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

मूर्तियों की स्थापना और चौक का सौंदर्यीकरण

बैठक में शहर में भगवान शिव, भगवान परशुराम, भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर और महाराणा प्रताप की मूर्तियां स्थापित करने को लेकर भी चर्चा हुई। भगवान शिव की मूर्ति सेरी मंच के पास पीपल के पेड़ वाले स्थान पर और महाराणा प्रताप की प्रतिमा आईटीआई चौक पर स्थापित करने का प्रस्ताव सामने आया। अन्य दो मूर्तियों के लिए उपयुक्त स्थान तलाशने की बात कही गई।

इसके अलावा उपायुक्त कार्यालय परिसर के बाहर स्थित चौक के सौंदर्यीकरण की योजना पर भी चर्चा हुई।

टारना मेले और बाढ़ प्रभावित संपत्तियों पर चर्चा

बैठक में टारना मेले के आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की गई। जलभराव और बाढ़ से प्रभावित नगर निगम भवनों, पुस्तकालय तथा अन्य निगम संपत्तियों को दोबारा कार्यशील बनाने के लिए योजना तैयार करने पर भी चर्चा हुई।

दुकानों के साइन बोर्ड के लिए तय होंगे नियम

मंडी शहर में दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के डिस्प्ले तथा साइन बोर्ड को व्यवस्थित करने के लिए समान आकार, रंग, डिजाइन और प्रकाश व्यवस्था निर्धारित करने के निर्देश दिए गए। पुराने और जर्जर भवनों के मालिकों को भवन गिराने के लिए नोटिस जारी करने की बात भी कही गई।

पार्षद वीरेंद्र आर्या ने सड़क किनारे कबाड़ियों की दुकानों को हटाने का मुद्दा उठाया। वहीं पार्षद गगन ने आईआईटी मंडी के कैंपस को पालमपुर ले जाने के विरोध में चर्चा कर प्रस्ताव तैयार करने की मांग की।

बजट को लेकर हुई हल्की नोकझोंक

बैठक में एक योजना के बजट को दूसरी योजना में स्थानांतरित करने के मुद्दे पर हल्की नोकझोंक भी हुई। संबंधित अधिकारियों ने नियमों का हवाला देते हुए बजट को इस तरह बदलने पर आपत्ति जताई।

नशे के खिलाफ अभियान पर भी जोर

सभी पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों में नशे के खिलाफ काम करने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की बात कही। बाहर से आने वाले लोगों की पहचान और निगरानी से जुड़े मुद्दे पर भी चर्चा हुई।

सोशल मीडिया टिप्पणी मामले में कार्रवाई

नगर निगम अधिकारियों को लेकर सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों के मामले पर भी महापौर ने आयुक्त से कार्रवाई की जानकारी मांगी। बैठक में बताया गया कि संबंधित ठेकेदार को निगम से बाहर कर दिया गया है और संबंधित कार्य की जांच भी की जाएगी।

बैठक के समय को लेकर पार्षदों ने जताई आपत्ति

इस बार नगर निगम की सामान्य बैठक दोपहर 2 बजे शुरू हुई, जिसके चलते बैठक देर शाम तक चली। कुछ पार्षदों ने बैठक का समय पहले की तरह सुबह 11 बजे रखने की मांग की।

महापौर सुमन ठाकुर ने कहा कि बैठक में सभी पार्षदों को वार्ड विकास के लिए ₹3-3 लाख देने, निगम का राजस्व बढ़ाने और शहर को स्वच्छ, सुंदर व नशामुक्त बनाने से संबंधित योजनाओं पर चर्चा की गई।