Home Hindi हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान ह*त्याकांड में बड़ा एक्शन, पुलिस मुठभेड़ में दो...

हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान ह*त्याकांड में बड़ा एक्शन, पुलिस मुठभेड़ में दो शूटर ढेर; दोनों पर था 50-50 हजार का इनाम

August 31,2026 Fact Recorder

National Desk: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान ह*त्याकांड में उत्तर प्रदेश पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। सोमवार सुबह शामली में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में हत्या के दो संदिग्ध शूटर मारे गए। पुलिस के मुताबिक, दोनों की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी मोहित और सुमित के रूप में हुई है। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस के अनुसार, यह मुठभेड़ शामली सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के औद्योगिक इलाके में हुई। दोनों बदमाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर आ रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई।

मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल

शामली एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, अंकित बालियान की हत्या के बाद रात से ही जिले में नाकेबंदी और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। सोमवार सुबह करीब 4 बजे हिजाना के SHO स्टेशन के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान करनाल की ओर से एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी, जिस पर दो युवक सवार थे।

पुलिस ने बाइक को रोकने की कोशिश की तो दोनों ने फायरिंग कर दी। इसके बाद मन्ना मादरा पुल के पास चेकिंग कर रहे पुलिसकर्मियों पर भी गोलीबारी की गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश गंभीर रूप से घायल हुए और उनकी मौत हो गई। मुठभेड़ के दौरान SWAT टीम के हेड कांस्टेबल हरविंदर और कांस्टेबल प्रदीप भी गोली लगने से घायल हुए हैं।

मोहित और सुमित की हुई पहचान

पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में मारा गया मोहित सोनीपत के बईयापुर खुर्द का रहने वाला था और उसकी उम्र करीब 22 साल थी। वहीं दूसरा आरोपी सुमित सोनीपत की कुंडली क्षेत्र का निवासी था और उसकी उम्र करीब 24 साल बताई गई है।

पुलिस का कहना है कि दोनों अंकित बालियान हत्याकांड में संदिग्ध शूटर थे और उन पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

हथियार और बाइक बरामद

पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से कई हथियार और अन्य सामान बरामद किया है। बरामदगी में पिस्टल, 30 बोर के जिंदा और खोखा कारतूस, एक स्प्लेंडर बाइक, बैग, मोबाइल फोन और 5 हजार रुपये की नकदी शामिल है।

गोगी गैंग से जुड़े होने का दावा

पुलिस के अनुसार, मारे गए दोनों आरोपी दिल्ली के गोगी गैंग से जुड़े हुए थे। दोनों हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अंकित बालियान की हत्या की साजिश किसने रची और इस वारदात में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे।

26 अगस्त को हुई थी अंकित बालियान की ह*त्या

बता दें कि 26 अगस्त की शाम करीब 6:45 बजे हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की शामली में जिम से बाहर निकलते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के मुताबिक, चार हमलावर बिना नंबर प्लेट वाली बाइक से पहुंचे थे और उन्होंने अंकित पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी।

सीसीटीवी फुटेज में हमलावरों को फायरिंग करते हुए देखा गया था। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने करीब 18 राउंड गोलियां चलाई थीं। एक गोली अंकित के सिर में लगी, जिसके बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध हमलावरों की तस्वीरें भी जारी की थीं। मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस वारदात से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।