03 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Health Desk: साइनस से राहत चाहते हैं? इन चीजों को खाने से बचें, वरना बढ़ सकती है परेशानी आजकल साइनस या साइनसाइटिस की समस्या आम होती जा रही है। यह नाक के आसपास की कैविटी में सूजन या संक्रमण के कारण होती है, जिससे सिर, माथे और आंखों के आसपास दर्द व दबाव महसूस होता है। इस समस्या से बचने के लिए सही खानपान बेहद जरूरी है।
नोएडा के मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. सिद्धार्थ एस. श्रीवास्तव के अनुसार, कुछ फूड्स साइनस के लक्षणों को बढ़ा सकते हैं। इनमें पनीर, दही, घी, मक्खन, मट्ठा, लस्सी और छाछ जैसी डेयरी चीजें शामिल हैं। वहीं, रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट्स जैसे सफेद चावल, पास्ता और सोडा का सेवन भी परेशानी को बढ़ा सकता है।
डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि ठंडा पानी पीना या ठंडी तासीर वाली चीजें खाना सर्दी के मौसम में साइनस के मरीजों के लिए नुकसानदायक होता है। ऐसे में मौसम बदलने के दौरान विशेष सावधानी रखनी चाहिए और अगर लक्षण बढ़ें तो डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
साइनस के लक्षणों को नियंत्रित करने के लिए डाइट में विटामिन C से भरपूर फूड्स जैसे पपीता, स्ट्रॉबेरी, और ओमेगा-3 फैटी एसिड से युक्त अलसी के बीज, अखरोट और मछली शामिल करें। ये शरीर में सूजन कम करने में मदद करते हैं।
इसके अलावा ब्रोकली, पत्ता गोभी और पालक जैसी हरी सब्जियां और ग्रीन टी भी फायदेमंद होती हैं क्योंकि इनमें एंटीऑक्सीडेंट्स और विटामिन C पाया जाता है, जो साइनस की परेशानी को कम करने में सहायक हैं।
अगर मौसम में बदलाव या एलर्जी के कारण साइनस की समस्या बढ़ती है, तो तुरंत विशेषज्ञ से संपर्क करें और अपनी डाइट में मौसम के अनुसार बदलाव करें।











