Liquor-Shop-Employee-Robbed-Of-Rs-38000-In-Khanna-By-Five-Armed-Men | खन्ना में शराब ठेके के कर्मचारी से लूट: 5 बदमाशों ने तेजधार हथियारों से किया हमला, 38 हजार कैश समेत मोबाइल छीना – Khanna News

खन्ना के नई आबादी इलाके में एक शराब ठेके के कर्मचारी से लूटपाट की घटना सामने आई है। घटना 10 अप्रैल की देर रात करीब 1 बजे की है। पीड़ित महिंद्र सिंह मंडी गोबिंदगढ़ के एक शराब ठेके पर काम करता है।

.

महिंद्र सिंह रात करीब 12:30 बजे अपनी मोटरसाइकिल पर मंडी गोबिंदगढ़ से खन्ना लौट रहा था। दशहरा ग्राउंड के पास दो मोटरसाइकिल पर सवार 5 बदमाशों ने उसका पीछा किया। पीड़ित अपने घर के पास तक पहुंचा, लेकिन बदमाशों ने उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। लुटेरे उससे 38 हजार रुपए की नकदी, मोबाइल फोन और दस्तावेजों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।

थाने में 38,000 रुपयों की लूट का जिक्र

घायल अवस्था में महिंद्र सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया। डीएसपी अमृतपाल सिंह भाटी के अनुसार, घटना की रात पीड़ित ने केवल मोबाइल छीने जाने की बात कही थी। आज उनके बेटे ने थाने में आकर 38,000 रुपयों की लूट का जिक्र किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सिटी थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और बदमाशों की तलाश जारी है।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे हैं। स्थानीय लोगों ने लुटेरों की गिरफ्तारी की मांग की है।