कुंजपुरा मंडी में दौरा करते विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण व अन्य।
करनाल जिले के घरौंडा के विधायक और हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने शनिवार को कुंजपुरा अनाज मंडी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गेहूं खरीद कार्य का निरीक्षण करते हुए मंडी में मौजूद अधिकारियों, आढ़तियों और खरीद एजेंसियों के प्रतिनिधियों से
।
गेट पास सिस्टम का निरीक्षण
दौरे की शुरुआत मंडी के गेट से हुई, जहां विधानसभा अध्यक्ष ने गेट पास काटने की प्रक्रिया को देखा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसानों को समय पर एंट्री मिले और इस प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। कोई भी अधिकारी गेट पास काटने में कोताही न बरते।
गेहूं की नमी, तुलाई, खरीद प्रक्रिया का मूल्यांकन
इसके बाद स्पीकर हरविंद्र कल्याण मंडी परिसर में लगे गेहूं के ढेरों तक पहुंचे। यहां उन्होंने गेहूं की नमी को चैक करवाया और तुलाई प्रक्रिया को भी जांचा। उन्होंने कहा कि सही तुलाई और मापदंडों का पालन किया जाए, ताकि किसानों को उनकी उपज का पूरा मूल्य मिल सके।

मंडी में किसानों और अधिकारियों से बातचीत करे हरविंद्र कल्याण।
किसानों से संवाद, भुगतान पूरी तरह पारदर्शी
विधानसभा अध्यक्ष ने वहां मौजूद किसानों से भी बात की और उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार की प्राथमिकता है कि उन्हें अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शी प्रक्रिया के तहत हर किसान की फसल खरीदेगी और तय समय पर भुगतान भी करेगी।
मूलभूत सुविधाओं को लेकर दिए कड़े निर्देश
हरविंद्र कल्याण ने मंडी में साफ-सफाई की व्यवस्था, पीने के पानी, शौचालयों की स्थिति और अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इन सभी व्यवस्थाओं को हर दिन नियमित तौर पर दुरुस्त रखा जाए ताकि किसानों को कोई असुविधा न हो।
फसल उठान में देरी नहीं होनी चाहिए
उन्होंने यह भी कहा कि खरीदी गई गेहूं को समय पर मंडी से उठाया जाए। इसके लिए पर्याप्त संख्या में ट्रांसपोर्टेशन वाहन और श्रमिक मौजूद होने चाहिए। मंडी में अनावश्यक ढेर लगने से अव्यवस्था फैल सकती है, इसलिए उठान को लेकर सतर्कता बरती जाए।
मार्केट कमेटी की तैयारियों की भी समीक्षा
अंत में विधानसभा अध्यक्ष ने मार्केट कमेटी की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने खरीद एजेंसियों और आढ़तियों से भी फीडबैक लिया और पूछा कि बारदाने की आपूर्ति, तुलाई और अन्य व्यवस्थाओं में कहीं कोई कमी तो नहीं है। अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर विभाग की जिम्मेदारी तय हो और सभी अपने कार्य पूरी निष्ठा से करें।
मौके पर मौजूद रहे संबंधित विभागों के अधिकारी
इस दौरान मंडी के तमाम संबंधित अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष को खरीद कार्य की प्रगति और व्यवस्थाओं की जानकारी दी। स्पीकर ने सभी को निर्देश दिया कि यह सुनिश्चित किया जाए कि किसानों को मंडी में हर स्तर पर सहयोग मिले और मंडी की कार्यप्रणाली एक मिसाल बने।












