आंधी और तूफान के चलते तूड़ी के डेर में लगी आग।
कपूरथला के नडाला कस्बे के गांव रायपुर अराईयां मंड में बुधवार रात आसमानी बिजली गिरने से तूड़ी के 5 ढेरों में आग लग गई। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां ने पहुंचकर 6 घंटे में आग पर काबू पाया। सुबह के तीन बजे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला।
.
पीड़ित किसान खुशदीप सिंह खैहरा को रात साढ़े नौ बजे पड़ोसी डेरेदारों से आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि तूड़ी के सभी ढेर आग की चपेट में आ चुके थे। तेज हवाओं के कारण आग की लपटें और भी तेजी से फैल रही थीं।
खड़ी फसल को तत्काल जोता गया
फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। आग से गेहूं की फसल को बचाने के लिए ट्रैक्टरों की मदद से खड़ी फसल को तत्काल जोत दिया गया। पड़ोसियों की सूझबूझ और समय पर की गई कार्रवाई से बड़े नुकसान से बचा जा सका।

रात में बिजली गिरने से तूड़ी के 5 ढेरों में लगी आग।
50 ट्रॉली तूड़ी और दो क्विंटल गेहूं जलकर राख
रेस्क्यू ऑपरेशन सुबह तीन बजे तक चला। इस घटना में 50 ट्रॉली तूड़ी और दो क्विंटल गेहूं जलकर नष्ट हो गया। किसानों को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। हरविंदर सिंह बाजवा, हरजिंदर सिंह साही, पाला खख, सुखविंदर सिंह और अन्य किसानों ने बचाव कार्य में सहयोग किया।
खुशदीप सिंह ने बताया कि खराब मौसम के दौरान बिजली गिरने से ही आग लगी थी, क्योंकि आग लगने का कोई अन्य कारण नहीं था।











