13अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सोमवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक महिला माओवादी को मार गिराया गया। पुलिस के अनुसार मारी गई नक्सली की पहचान एरिया कमांडर ‘रूपी’ के रूप में हुई है, जिस पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
यह मुठभेड़ छोटे बेठिया थाना क्षेत्र के जंगलों में उस समय हुई, जब सुरक्षाबलों की टीम नक्सल विरोधी अभियान पर निकली हुई थी। अभियान के दौरान दोनों पक्षों के बीच हुई गोलीबारी में रूपी मारी गई।
सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से एक हथियार भी बरामद किया है। फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है और अन्य नक्सलियों की तलाश की जा रही है।
गौरतलब है कि यह मुठभेड़ राज्य सरकार द्वारा 31 मार्च को छत्तीसगढ़ को माओवादी प्रभाव से मुक्त घोषित किए जाने के करीब 12 दिन बाद हुई है, जिससे सुरक्षा एजेंसियां सतर्क बनी हुई हैं।












