स्कूटी सवार के टकराने की घटना सीसीटीवी में कैद।
कांगड़ा में दोहरा के ज्वालामुखी में सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। ज्वालामुखी-देहरा रोड पर ट्रक यूनियन पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे कार की खिड़की खुलने से हादसा हुआ। मृतक अपनी स्कूटी से जा रहा था।
.
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान हड़सर के रहने वाले शादिद अली के रूप में हुई। वह अपने मामा के घर खौला में रह रहा था। हादसे के समय वह स्कूटी से कॉलेज जा रहा था। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है।
सिर पर गंभीर चोट के कारण मौत
फुटेज में दिख रहा है कि तेज रफ्तार से आ रही स्कूटी सड़क किनारे खड़ी कार के अचानक खुले दरवाजे से टकरा गई। टक्कर के बाद युवक सड़क पर गिर गया। उसे तुरंत सिविल अस्पताल ज्वालामुखी ले जाया गया। डॉ. सतिंदर वर्मा ने उसे मृत घोषित कर दिया। सिर पर गंभीर चोट के कारण मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई थी।

हादसे के बाद सड़क पर पड़ा हुआ मृतक शादिद अली।
कार चालक की पहचान
डीएसपी आर.पी. जसवाल ने मामले की पुष्टि की है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार चालक की पहचान कर ली है। थाना प्रभारी विजय कुमार के अनुसार उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इलाज के लिए अस्पताल ले गए परिजन।
हेलमेट नहीं पहनना बना मौत की वजह
मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के वक्त युवक ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था। यदि उसने हेलमेट पहना होता, तो शायद उसकी जान बच सकती थी। थाना प्रभारी विजय कुमार ने कहा कि अपनी और अपनों की जान बचाने के लिए दोपहिया वाहन चालकों को हमेशा हेलमेट पहनना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हमें शपथ लेनी चाहिए कि हम बिना हेलमेट दोपहिया और बिना सीट बेल्ट चार पहिया वाहन नहीं चलाएंगे। चालान से नहीं, जिंदगी बचाने के लिए नियमों का पालन करें।











