जॉब अलर्ट: लेखपाल मेंस परीक्षा की तारीख घोषित, पंजाब पुलिस में 3000+ पदों पर भर्ती

09 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Education Desk: नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए इस समय कई अच्छे अवसर सामने आए हैं। जहां विदेश में काम करने की इच्छा रखने वालों के लिए स्पेन में मौका मिला है, वहीं उत्तर प्रदेश में लेखपाल भर्ती परीक्षा को लेकर बड़ा अपडेट आया है। इसके अलावा पंजाब पुलिस ने भी कॉन्स्टेबल के हजारों पदों पर भर्ती की घोषणा की है।

स्पेन में भारतीय युवाओं के लिए मौका
विदेश में काम करने के इच्छुक युवाओं के लिए स्पेन का शिक्षा मंत्रालय ‘लैंग्वेज एंड कल्चर असिस्टेंट’ प्रोग्राम के तहत स्कूलों में काम करने का अवसर दे रहा है। इस कार्यक्रम के तहत चयनित उम्मीदवार शिक्षकों की मदद करेंगे और छात्रों के साथ अंग्रेजी भाषा से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेंगे। खास बात यह है कि इस प्रोग्राम के लिए कोई आवेदन शुल्क नहीं रखा गया है। चयनित प्रतिभागियों को हर महीने लगभग 800 से 1000 यूरो तक स्टाइपेंड भी मिलेगा।

लेखपाल मेंस परीक्षा 21 मई को
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने लेखपाल भर्ती की मुख्य परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है। आयोग के अनुसार मेंस परीक्षा 21 मई 2026 को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा एक ही शिफ्ट में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी।
इस परीक्षा में वही उम्मीदवार शामिल हो सकेंगे जिन्होंने UP PET पास किया है और निर्धारित कटऑफ हासिल की है। परीक्षा से पहले एडमिट कार्ड और एग्जाम सिटी स्लिप आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।

पंजाब पुलिस में कॉन्स्टेबल भर्ती
पंजाब पुलिस ने कॉन्स्टेबल के 3 हजार से अधिक पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन 10 मार्च से शुरू होंगे। इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन के लिए उम्मीदवार का 12वीं पास होना जरूरी है, जबकि पूर्व सैनिकों के लिए 10वीं योग्यता मान्य है। उम्मीदवार की आयु 18 से 28 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा और फिजिकल टेस्ट शामिल होंगे।