Jind Women Dowry torture Bullet Bike Demand Tantric ash Black Pepper|Haryana | जींद में नवविवाहिता से मांगा दहेज में बुलेट: जबरदस्ती तांत्रिक के सामने बैठा खिलाई राख-काली मिर्च, तबियत बिगड़ी, इलाज की बजाय बीच रास्ते छोड़ा – Jind News

सफीदों पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

हरियाणा के जींद की महिला के साथ सोनीपत के गोहाना में उसके ससुरालियों ने दहेज के लिए मारपीट की। बुलेट बाइक की डिमांड करते हुए मानसिक रूप से परेशान किया। तांत्रिक के सामने बैठाकर जबरदस्ती राख और काली मिर्च खिला दी, जिससे महिला की तबियत बिगड़ गई। सफीदों

पुलिस को दी शिकायत में सफीदों की सुनीता ने बताया कि उसकी शादी 11 महीने पहले गोहाना निवासी रिंकू के साथ हुई थी। शादी में उसके परिवार ने हैसियत से ज्यादा दान-दहेज दिया था। शादी के पांचवें दिन ही ससुराल के लोग उसे ताने मार प्रताड़ित करने लगे। उससे बुलेट बाइक की डिमांड की जाने लगी।

ससुरालियों ने दी धमकी, बिना बुलेट घर आई तो जान से मार देंगे

उसकी ननद, ननदोई और सास उसके साथ झगड़ने लगी और उसके पति ने उसके साथ मारपीट की। शादी के छह दिन बाद ही उससे उसके सारे गहने छीन लिए और उसे घर से निकाल कर धमकी दी कि बुलेट बाइक लिए बिना वापस आई तो उसे जान से मार देंगे। वह डर के मारे मायके आ गई।

परिवारिक पंचायत हुई तो 17 अगस्त 2024 को ससुराल के लोग उसे ले गए। सितंबर 2024 में उसका उत्तर प्रदेश पुलिस का पेपर था, उसने पेपर देने के लिए जाने की जिद्द की। उसका पति उसे पेपर दिलाने के लिए ले गया लेकिन उस दौरान भी दिल्ली बस स्टैंड पर उसके साथ मारपीट की और सरेआम गंदी गालियां दी।

परिवार ने मिलकर करवाई तंत्र क्रिया, जबरदस्ती खिलाई राख व काली मिर्च

इससे उसे मानसिक आघात लगा और सीने में दर्द के चलते कई दिनों तक वह अस्पताल में दाखिल रही। ससुराल के लोगों ने इलाज खर्च तक नहीं दिया। उसे पढ़ाई से हटा दिया गया और मायके से बुलेट बाइक लाने की डिमांड करते रहे। 20-21 सितंबर की रात को वह कमरे में बैठी थी, तभी उसका पति उसे खींचकर बाहर लाया।

यहा परिवार के लोग थे और एक तांत्रिक बुलाया हुआ था। सभी ने मिलकर जबरदस्ती उसे तांत्रिक के सामने बैठाया और उसे राख व काली मिर्च खिला दी। इससे उसकी तबियत बिगड़ गई। इलाज करवाने के बहाने उसका पति ले गया और बीच रास्ते छोड़ कर आ गया।

उसके पति ने धमकी दी कि अगर वापस घर में कदम रखा तो जान से मार दी जाएगी। इस कारण मजबूरी में वह अपने मायके आ गई। सफीदों शहर थाना पुलिस ने पति रिंकू, सास गुड्डी, देवर राकेश, ननद पिंकी, ननदोई सुनील, ननद पूजा के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।