06 अगस्त 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Politics Desk: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज झारखंड के चाईबासा कोर्ट में पेश होंगे। यह मामला वर्ष 2018 में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़ा है। राहुल गांधी मंगलवार को रांची पहुंचे थे, जहां उन्होंने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के अंतिम संस्कार में भी हिस्सा लिया। रात रांची में बिताने के बाद आज वह हेलीकॉप्टर से चाईबासा रवाना होंगे। उनका हेलीकॉप्टर टाटा कॉलेज मैदान में उतरेगा, जहां से वह सीधे कोर्ट जाएंगे। कोर्ट में सुबह 11:30 से 12 बजे के बीच उनकी पेशी निर्धारित है। उनकी मौजूदगी को देखते हुए न्यायालय परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और कोर्ट में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की कड़ी जांच की जा रही है।
यह मामला जुलाई 2018 में भाजपा नेता प्रताप कुमार द्वारा चाईबासा सीजेएम कोर्ट में दर्ज कराई गई मानहानि की शिकायत से जुड़ा है। आरोप है कि राहुल गांधी ने कांग्रेस के एक अधिवेशन में भाषण के दौरान अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक बयान दिया था। मामले में राहुल गांधी पूर्व में कोर्ट में हाजिर नहीं हुए थे, जिस कारण चाईबासा कोर्ट ने 24 मई को उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था और 26 जून को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश दिया गया था।
राहुल गांधी ने इस आदेश को रद्द कराने के लिए झारखंड हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, जहां से उन्हें 6 अगस्त को कोर्ट में पेश होने का निर्देश मिला। अब इस बहुचर्चित मामले में चाईबासा कोर्ट आज उनकी जमानत याचिका पर क्या रुख अपनाता है, इस पर पूरे देश की निगाहें टिकी हैं।