Jhajjar Cyber Crime Police Arrests Two Bank Fraud | बहादुरगढ़ में दो साइबर ठग गिरफ्तार: महिला के खाते से उड़ाए 1.88 लाख; ATM से पैसे निकालने गई पीड़िता, खाली मिला अकाउंट – bahadurgarh (jhajjar) News

झज्जर साइबर क्राइम पुलिस ने एक महिला के साथ हुई साइबर ठगी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने बिना किसी फोन कॉल और ओटीपी से महिला के खाते से पैसे निकाल लिए। कोर्ट ने दोनों के न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार आरोपियों की पहचान सोनीपत के भवर के रहने वाले आशिष और शिवनगर के रहने वाले सौरभ के रूप में हुई है। गोच्छी की रहने वाली पीड़िता ने 1 जनवरी को अपने गांव में एटीएम से पैसे निकालने की कोशिश की। इस दौरान उसे पता चला कि उसके खाते में पैसे नहीं हैं। महिला के खाते में करीब 3.50 लाख रुपए जमा थे।

दो अलग-अलग ट्रांजैक्शन में निकाले पैसे

पीएनबी बैंक से जानकारी लेने पर पता चला कि उसके खाते से दो अलग-अलग ट्रांजैक्शन में 90 हजार और 98 हजार रुपए ट्रांसफर कर लिए गए हैं। कुल मिलाकर 1.88 लाख रुपए की ठगी की गई।

कोर्ट में पेश किए गए आरोपी

साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक अजय मलिक के मुताबिक, पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। मुख्य सिपाही मनीषा कुमारी की टीम ने जांच के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को झज्जर की कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।