jakhal bike thef | Sabzi Mandi Road theft | CCTV footage | Update News | फतेहाबाद में दुकान के बाहर से बाइक चोरी: दो मिनट कोल्ड ड्रिंक लेने गया युवक, चाबी लगी देख तीन बदमाश लेकर भागे – Tohana News

दुकान के बाहर से बाइक लेकर भागते हुए बदमाश।

फतेहाबाद के जाखल में सब्जी मंडी रोड पर एक दुकान के बाहर से तीन अज्ञात बदमाशों ने बाइक चोरी कर ली। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। चोरी की घटना जाखल पुलिस को दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पंजाब के गांव चूललड़ का रहने वाला मनजीत कोल्ड ड्रिंक लेने दुकान में गया था। उसने अपनी बाइक में चाबी लगी छोड़ दी थी। जब वह दुकान से बाहर आया तो उसको बाइक गायब मिली। मनजीत ने आसपास के सीसीटीवी की फुटेज खंगाली।

बाइक में लगी चाबी देख बदमाश ने किया इशारा

सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि तीन बदमाश सब्जी मंडी रोड पर आए। उन्होंने बाइक में लगी चाबी देखी। एक बदमाश ने दूसरे को बाइक की ओर इशारा किया। दो बदमाश आगे निकल गए। तभी पीछे रहा बदमाश बाइक को लेकर भाग गया।

दुकान मालिक ने की गिरफ्तारी की मांग

दुकान मालिक चिंटू ने बताया कि मनजीत महज दो मिनट के लिए दुकान में आया था। दिनदहाड़े इस तरह की घटना निंदनीय है। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है, ताकि मनजीत की बाइक बरामद हो सके।

चोरी की घटनाओं ने लोग परेशान

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जाखल में लगातार बढ़ रही वारदात से आमजन में पुलिस के प्रति नाराजगी देखी जा रही है। इससे पहले महिलाओं से सोने की चूड़ी व बाली ले जाने वाले कार सवार महिला और पुरुष के गिरोह को पुलिस अभी तक पकड़ नहीं पाई।