29 जनवरी, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Bollywood Desk: साउथ सुपरस्टार प्रभास की बहुप्रतीक्षित फिल्म कल्कि 2898 एडी के सीक्वल को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है। पहले पार्ट की ऐतिहासिक सफलता के बाद अब कल्कि 2 की कास्ट को लेकर बड़ी चर्चा शुरू हो गई है, खासतौर पर फिल्म की लीड एक्ट्रेस को लेकर।
पहले पार्ट में अहम भूमिका निभाने वाली दीपिका पादुकोण अब कल्कि 2 का हिस्सा नहीं होंगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ कारणों के चलते मेकर्स ने उन्हें फिल्म से अलग करने का फैसला लिया है। इसके बाद से ही उनके रिप्लेसमेंट को लेकर कई नाम सामने आ चुके हैं, लेकिन अब एक ऐसा नाम चर्चा में है जिसने फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है।
साई पल्लवी बन सकती हैं नई ‘सुमति’?
फिल्म से जुड़े सूत्रों के अनुसार, दीपिका पादुकोण के किरदार ‘सुमति’ के लिए साउथ की दमदार एक्ट्रेस साई पल्लवी पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। साई पल्लवी इस वक्त भारत की सबसे महंगी फिल्म मानी जा रही रामायण का हिस्सा हैं, जिसका बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। इस फिल्म में वह मां सीता के किरदार में नजर आएंगी, जबकि रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं।
अब खबरें हैं कि कल्कि 2 के मेकर्स भी साई पल्लवी को अपनी फिल्म में कास्ट करना चाहते हैं। हालांकि, इस पर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कल्कि फ्रेंचाइजी से जुड़ी बड़ी उम्मीदें
साल 2024 में रिलीज हुई कल्कि 2898 एडी ने भारतीय सिनेमा को एक नया विजन दिया था। करीब 600 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस साइंस-फिक्शन फिल्म ने दुनियाभर में 1000 करोड़ से ज्यादा की कमाई की थी और इंटरनेशनल ऑडियंस से भी शानदार रिस्पॉन्स मिला था।
फिल्म में अमिताभ बच्चन के एक्शन और कमल हासन के किरदार ‘सुप्रीम यास्किन’ ने दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी थी। वहीं दूसरे पार्ट में कमल हासन का रोल और ज्यादा विस्तार के साथ सामने आने की उम्मीद है।
शूटिंग और रिलीज को लेकर अपडेट
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कल्कि 2 की शूटिंग फरवरी 2026 से शुरू हो सकती है, जबकि फिल्म को साल 2028 तक सिनेमाघरों में रिलीज किए जाने की संभावना है। नाग अश्विन के निर्देशन में बनने वाली इस माइथोलॉजिकल-साइंस फिक्शन फ्रेंचाइजी के अगले चैप्टर को लेकर फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
अब देखना होगा कि दीपिका की जगह साई पल्लवी को लेकर मेकर्स कब तक आधिकारिक ऐलान करते हैं।











