Home Sports IPL 2025 Changes Explained; Players Match Fees | RCB KKR DC PBKS...

IPL 2025 Changes Explained; Players Match Fees | RCB KKR DC PBKS Captaincy | पहली बार प्लेयर्स को मैच फीस भी मिलेगी: पांच टीमों के कप्तान नए, एक का मालिक ही बदल गया

स्पोर्ट्स डेस्क56 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

22 मार्च से इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 18वां सीजन शुरू हो रहा है। यह कई मायनों में अलग होगा। इस सीजन से प्लेयर्स को हर मुकाबले में फीस मिलेगी, जो नीलामी में मिली राशि से अलग होगी।

IPL स्टोरी के पार्ट-3 में जानिए इस बार क्या नया होगा। साथ ही पिछले एक साल में टीमें कितनी बदल गई हैं। इन सवालों के जवाब 5 पॉइंट्स में बताएंगे। इनमें…

  • सीजन में नया क्या
  • कितने कप्तान बदले
  • नए प्लेयर्स कितने
  • सपोर्ट स्टाफ कितना बदला
  • मालिकाना हक

IPL में इस बार क्या नया, क्या बदला

1. सीजन में नया क्या

प्लेयर्स को मैच फीस मिलेगी IPL इतिहास में पहली बार प्लेयर्स को सैलरी के अलावा मैच फीस मिलने जा रही है। BCCI क्रिकेटर्स को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 17 साल के इतिहास में पहली बार मैच फीस देगा। भारत के साथ विदेशी प्लेयर्स को भी मैच खेलने की फीस दी जाएगी।

उदाहरण के लिए मुंबई इंडियंस ने रॉबिन मिंज को 65 लाख रुपए में खरीदा है। एक मैच खेलने के लिए 7.50 लाख रुपए मिलेंगे, अगर वे 14 मैच खेलते हैं तो मैच फीस से उनकी कमाई 1.05 करोड़ रुपए हो जाएगी। यानी एक सीजन के लिए उन्हें 1.70 करोड़ रुपए दिए जाएंगे।

2. कितने कप्तान बदले

5 टीमों के कप्तान बदले, गिल सबसे युवा, रहाणे सबसे उम्रदराज 5 टीमें नए कप्तान के साथ उतर रही हैं। 10 में से 9 के कप्तान भारतीय हैं। 2019 के बाद पहला मौका है, जब सिर्फ एक टीम का कप्तान विदेशी है। सिर्फ हैदराबाद की कप्तानी ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस के पास है। बाकी 9 टीमों ने भारतीय कप्तान रखे हैं।

10 टीमों के कप्तानों की औसत उम्र 30 साल है। गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल (25 साल) सबसे युवा हैं, जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स के अजिंक्य रहाणे (36 साल) सबसे उम्रदराज कप्तान हैं।

  • अक्षर पटेल: दिल्ली ने 16.50 करोड़ में रिटेन किया लेफ्ट आर्म स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर दिल्ली के साथ 2019 से जुड़े हैं। टीम ने उन्हें 16.50 करोड़ में रिटेन किया था। वे इस साल जनवरी में भारतीय टी-20 टीम के उपकप्तान बनाए गए थे। 31 साल के अक्षर 23 मैच में अपनी स्टेट टीम गुजरात की कप्तानी कर चुके हैं। उनसे पहले ऋषभ पंत टीम के कप्तान थे।
  • अजिंक्य रहाणे: 25 IPL मैचों में कप्तानी कर चुके रहाणे ने आईपीएल के 25 मैचों में कप्तानी की है। वे केकेआर के नौवें कप्तान हैं। पिछले सीजन श्रेयस अय्यर ने कप्तान थे। रहाणे टीम इंडिया और घरेलू क्रिकेट में मुंबई का नेतृत्व भी कर चुके हैं। उन्होंने मुंबई को पिछले साल सैय्यद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी जिताई। 36 साल के रहाणे मौजूदा सीजन के सबसे उम्रदराज कप्तान भी हैं। सबसे युवा कप्तान गुजरात के शुभमन गिल (25 साल) हैं।
  • ऋषभ पंत: IPL इतिहास के सबसे महंगे कप्तान लखनऊ ने 27 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा। वे टीम के दूसरे कप्तान हैं, उनसे पहले केएल राहुल ने कप्तानी की थी। पंत लीग इतिहास के सबसे महंगे कप्तान भी हैं। वे 2021 से 2024 तक दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान थे। उनकी कप्तानी में दिल्ली ने 43 में से 23 में जीत दर्ज की थी।
  • श्रेयस अय्यर: पिछले साल कोलकाता को चैंपियन बनाया 30 साल के श्रेयस अय्यर पंजाब किंग्स के 17वें कप्तान हैं। केकेआर को पिछले साल खिताब जिताने वाले श्रेयस को पंजाब ने 26.75 करोड़ रुपए में खरीदा था। उनसे पहले शिखर धवन और सैम करन टीम के कप्तान थे। श्रेयस दिल्ली और कोलकाता के कप्तान भी रह चुके हैं। उन्होंने आईपीएल के 70 मैचों में कप्तानी की और 38 में टीम को जीत दिलाई।
  • रजत पाटीदार : पहली बार IPL में कप्तानी करेंगे यह बल्लेबाज पहली बार आईपीएल में कप्तानी करता नजर आएगा। उन्होंने अपनी कप्तानी में मध्य प्रदेश को सैय्यद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी के फाइनल में पहुंचाया था। 31 साल के रजत पाटीदार बेंगलुरु के आठवें कप्तान हैं। उनसे पहले आरसीबी की कमान फाफ डु प्लेसिस के हाथों में थी।

3. नए प्लेयर्स कितने

पंजाब में सबसे ज्यादा 21 नए खिलाड़ी, कोलकाता में 8 नए प्लेयर्स मेगा ऑक्शन में 10 फ्रेंचाइजी ने 639.15 करोड़ रुपए खर्च कर 182 खिलाड़ी खरीदे। भारत के 120 खिलाड़ी बिके, जबकि विदेश के 62 खिलाड़ियों को 10 टीमों ने अपने साथ जोड़ा। पंजाब ने सबसे ज्यादा 21 नए खिलाड़ी खरीदे, जबकि कोलकाता ने 8 नए प्लेयर्स को खरीदा।

4. सपोर्ट स्टाफ कितना बदला

दिल्ली का सपोर्ट स्टॉफ बदला; द्रविड़ राजस्थान, पोंटिंग पंजाब से जुड़े पिछले सीजन के बाद फ्रेंचाइजी के सपोर्ट स्टाफ में काफी बदलाव हुआ है। राजस्थान रॉयल्स ने राहुल द्रविड़ को हेड कोच बनाया। जबकि विक्रम राठौर बैटिंग कोच बने। दोनों पिछले साल टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम के साथ थे।

दिल्ली ने केविन पीटरसन को मेंटर बनाया है, जबकि वेणुगोपाल राव क्रिकेट डायरेक्टर और मुनाफ पटेल बॉलिंग कोच बने हैं। इसके अलावा, KKR ने ड्वेन ब्रावो को मेंटर बनाया। जहीर खान लखनऊ के मेंटर और रिकी पोंटिंग पंजाब के हेड कोच बने।

5. मालिकाना हक

टोरेंट ग्रुप गुजरात टाइटंस का नया मालिक टोरेंट ग्रुप की गुजरात टाइटंस ग्रुप में 67% हिस्सेदारी खरीद ली। दोनों की डील करीब 5,000 करोड़ रुपए में हुई, जबकि टीम की कुल कीमत 7,453 करोड़ आंकी गई। सीवीसी ग्रुप टीम में 33% हिस्सेदारी बनाए रखेगा। टोरेंट ग्रुप फार्मा, पावर और सिटी गैस वितरण में काम करता है। टोरेंट ग्रुप ने 2021 में इस फ्रेंचाइजी के लिए 4,653 करोड़ की बोली लगाई थी, लेकिन तब सीवीसी ग्रुप ने 5,625 करोड़ रुपए में टीम खरीद ली थी।

———————————–

IPL सीरीज पार्ट-4 में कल पढ़िए

5 टीमें, जो IPL से गायब हो गईं

IPL में इस बार 10 टीमें हिस्सा लेंगी, लेकिन 18 साल के IPL इतिहास में 5 टीमें ऐसी भी रहीं, जो अब टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं हैं। इनमें से एक के खिलाफ तो सचिन तेंदुलकर ने अपना इकलौता टी-20 शतक भी लगाया है। वहीं एक टीम तो चैंपियन बनने के बाद भी टूर्नामेंट से गायब हो गई। पूरी खबर कल पढ़िए…

खबरें और भी हैं…