30 July 2026 Fact Recorder
National Desk: श्रीराम जन्मभूमि मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच अब नए चरण में पहुंच गई है। सुप्रीम कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद गठित नई विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने बुधवार को अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर जांच की रणनीति और आगे की कार्रवाई का विस्तृत खाका तैयार किया।
बैठक के दौरान एसआईटी ने अब तक हुई जांच की समीक्षा की और पुलिस की कार्रवाई, बैंक कर्मचारियों की भूमिका तथा अब तक जुटाए गए दस्तावेजी और डिजिटल साक्ष्यों की जानकारी ली। साथ ही जेल में बंद आठों आरोपियों की स्थिति और जांच के दायरे में आए अन्य संदिग्धों पर भी चर्चा की गई।
नई एसआईटी की अध्यक्षता आईजी लखनऊ रेंज किरण एस. कर रहे हैं। टीम में अयोध्या रेंज के डीआईजी सोमेन वर्मा और अयोध्या के एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर भी शामिल हैं। पहले ये अधिकारी जांच की निगरानी कर रहे थे, लेकिन अब इन्हें एसआईटी का हिस्सा बनाकर जांच को और व्यापक बनाया गया है।
नए सिरे से होगी जांच
सूत्रों के अनुसार एसआईटी पूरे मामले की दोबारा समीक्षा करेगी। आरोपियों से पुनः पूछताछ, बरामद सामान का सत्यापन, दस्तावेजी और डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच के साथ-साथ संदिग्धों की संपत्तियों और वित्तीय लेन-देन की भी गहन पड़ताल की जाएगी। जरूरत पड़ने पर संबंधित लोगों से दोबारा पूछताछ भी की जा सकती है।
जानकारी के मुताबिक, जांच को और मजबूत बनाने के लिए एसआईटी में जल्द ही एक फॉरेंसिक विशेषज्ञ और एक चार्टर्ड अकाउंटेंट को भी शामिल किया जा सकता है।
ट्रस्ट ने बदली बैंकिंग व्यवस्था
इस बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने बैंकिंग कार्यों के लिए नई साइनिंग अथॉरिटी भी तय कर दी है। ट्रस्ट ने अंतरिम महासचिव कृष्णमोहन, जगदीश आफले और सीए चंदन राय को बैंक खाते संचालित करने के लिए अधिकृत किया है। बैंक से किसी भी भुगतान के लिए इन तीनों में से किसी दो अधिकृत सदस्यों के हस्ताक्षर अनिवार्य होंगे।
जगदीश आफले लंबे समय से राम मंदिर निर्माण कार्य की निगरानी से जुड़े रहे हैं, जबकि चंदन राय को उनकी वित्तीय विशेषज्ञता को ध्यान में रखते हुए अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता बनाया गया है।













