इंफ्लुएंसर आदित्य मदीराजू की मुलाकात ऐश्वर्या राय से, एक्ट्रेस ने दिया खास तोहफ़ा

इंफ्लुएंसर आदित्य मदीराजू की मुलाकात ऐश्वर्या राय से, एक्ट्रेस ने दिया खास तोहफ़ा

 30 सितंबर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Bollywood Desk:  ऐश्वर्या राय का पेरिस से वीडियो वायरल, इंफ्लुएंसर आदित्य मदीराजू को दिया खास तोहफ़ा                                                                                                                          पेरिस फैशन वीक में शिरकत करने पहुंची ऐश्वर्या राय बच्चन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह मशहूर मेकअप कंटेंट क्रिएटर और इंफ्लुएंसर आदित्य मदीराजू से गर्मजोशी से मिलती दिखाई दे रही हैं।

वीडियो में आदित्य ने ऐश्वर्या से मुलाकात के दौरान कहा कि उनकी शादी के पीछे भी ऐश्वर्या की ही एक खास भूमिका रही है। उन्होंने बताया कि वह और उनके पति दोनों ऐश्वर्या के बड़े फैन हैं, जिसकी वजह से उनकी पहली डेट पर ही मजबूत बॉन्डिंग बन गई थी। आदित्य ने इस दौरान ऐश्वर्या को अपने पति और बेटी की तस्वीर भी दिखाई, जिस पर एक्ट्रेस ने खुशी जताई और उन्हें एक मेकअप प्रोडक्ट गिफ्ट किया।

वीडियो साझा करते हुए आदित्य ने लिखा— “हमारे दिलों की रानी। आपसे मिलना एक सपने जैसा था।”

फैंस भी इस मुलाकात पर खुशी जाहिर कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “आपको ऐश्वर्या से मिलता देख बहुत अच्छा लगा, यह पल जिंदगीभर याद रहेगा।” वहीं दूसरे ने कहा, “आप हमेशा उनसे मिलना चाहते थे, हमें गर्व है।”

कौन हैं आदित्य मदीराजू?
आदित्य मदीराजू एक मेकअप आर्टिस्ट, फैशन ब्लॉगर और डिजिटल क्रिएटर हैं। वह अपने समलैंगिक विवाह के लिए भी चर्चा में रहे हैं। साल 2019 में उन्होंने अमित शाह से पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों के तहत शादी की थी। दोनों की एक बेटी भी है।

ऐश्वर्या राय का करियर अपडेट
काम की बात करें तो ऐश्वर्या राय को आखिरी बार मणिरत्नम की फिल्म ‘पोन्नियिन सेलवन II’ में देखा गया था। इस फिल्म में विक्रम, जयम रवि, कार्थी, त्रिशा कृष्णन और प्रभु जैसे कलाकार भी शामिल थे।