Home Chandigarh 187 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास

187 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास

चंडीगढ़, 20 नवंबर 2026 Fact Recorder

Chandigarh Desk :    केंद्रीय विरासत एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने हरियाणा में सरस्वती नदी के पुनर्जीवन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह देश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कार्य है। सरस्वती का पुनर्जीवन देश के लिए उतना ही महत्वपूर्ण है, जितना करतारपुर साहिब का गलियारा खुलना और अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर की पुनर्स्थापना होना। ये तीनों घटनाएं भारत के उभरते सौभाग्य और गौरवशाली पुनर्जागरण के प्रतिबिंब हैं। उन्होंने कहा कि जिस दिन सरस्वती नदी विलुप्त हुई, उसी दिन से भारत के सौभाग्य का सूर्य अस्ताचल की ओर बढ़ना शुरू हो गया था। इसी प्रकार, जिस दिन भगवान श्रीराम का मंदिर ध्वस्त हुआ, वह भी भारत के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक गौरव के लिए एक कठिन कालखंड था। लाखों लोगों के बलिदान और शताब्दियों के लंबे संघर्ष के बाद आज देश एक ऐसे यशस्वी दौर में पहुंचा है, जब अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर पुनर्स्थापित हुआ है और भारत का सौभाग्य सूर्य एक बार फिर उदित होकर पूरी दुनिया को अपनी आभा से आलोकित कर रहा है।

केंद्रीय विरासत एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत यमुनानगर जिले में शुक्रवार को आयोजित श्री कपाल मोचन-आदि बद्री मेला के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी भी उपस्थित रहे। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत व मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने गुरु घर में माथा टेका और हवन यज्ञ के साथ श्री कपाल मोचन श्री आदिबद्री मेले का शुभारंभ किया। इस मौके पर अतिथियों ने रिमोट का बटन दबाकर लगभग 187 करोड़ रुपये की 13 परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 16 नई अमृत फार्मेसी शामिल हैं, जहां आमजन को जीवनरक्षक दवाइयां रियायती दरों पर उपलब्ध होंगी। इसके अलावा 11 जलघरों में नए टैंकों का निर्माण तथा जगाधरी शहर की पुरानी सीवर लाइन के पुनर्वास कार्य का शिलान्यास किया गया है। इससे पहले, उन्होंने पुलिस विभाग के मोबाइल पुलिस बूथ का उद्घाटन किया और मेला परिसर में लगाई गई प्रदर्शनी व विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई स्टालों का अवलोकन भी किया।

अपने संबोधन में श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कपालमोचन तीर्थ को नमन करते हुए कहा कि कपाल मोचन तीर्थ केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि, आत्मचिंतन और भारत की साझा संस्कृति की विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। तीर्थयात्रा केवल किसी स्थान तक पहुंचने मात्र तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह आत्मचिंतन, आत्मशुद्धि और मन में एक नया संकल्प लेने के साथ सकारात्मक परिवर्तन का अवसर भी होती है। कपाल मोचन की यह धरती हमें अपने भीतर से अहंकार और क्रोध त्यागकर बेहतर मनुष्य बनने की प्रेरणा प्रदान करती है।

*हरियाणा की धरा कृषि, सैनिकों, खिलाड़ियों और आध्यात्मिक चिंतन के लिए भी प्रसिद्ध*

श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि हरियाणा की पहचान पहले कृषि और यहां के सैनिकों एवं रणबांकुरों से होती थी, जो सीमाओं पर खड़े होकर सदियों से देश की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करते आए हैं। वर्तमान संदर्भ में हरियाणा की पहचान यहां के खिलाड़ियों, पहलवानों और बॉक्सरों से होती है। इसके साथ-साथ हरियाणा की धरती प्राचीन काल से ऋषियों, साधना, वैदिक ज्ञान और आध्यात्मिक चिंतन की पवित्र धरती भी रही है। उन्होंने कपाल मोचन की पौराणिक महिमा का उल्लेख करते हुए कहा कि पौराणिक मान्यता के अनुरूप भगवान शिव भी ब्रह्महत्या के दोष से मुक्त होने के लिए कपाल मोचन में आकर स्नान किया था। यह कथा केवल डुबकी लगाने की प्रेरणा नहीं देती, बल्कि जीवन के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश भी देती है। मनुष्य से जीवन में काम करते हुए जाने-अनजाने कोई भूल हो सकती है, लेकिन प्रायश्चित और आत्मचिंतन के बाद सही दिशा में आगे बढ़ने का मार्ग हमेशा खुला रहता है।

उन्होंने कहा कि कपाल मोचन की यह धरती हमें अपने भीतर से अहंकार और क्रोध त्यागकर बेहतर मनुष्य बनने की प्रेरणा प्रदान करती है। यह पवित्र धरा हमें माता-पिता, गुरु, देश, समाज और प्रकृति एवं पर्यावरण के प्रति अपने दायित्वों का ठीक से निर्वहन करने का स्मरण कराते हैं।

*भारत की संस्कृति में पूरी दुनिया को परिवार मानने का भाव*

श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने यहां 52 दिन तक वास किया और अपने अमर संदेश से मानवता को सेवा की प्रेरणा दी। हमारे ऋषियों और मनीषियों ने वैदिक मान्यताओं के अनुरूप प्रकृति, पर्यावरण और उसके प्रत्येक घटक का सम्मान करने का विधान किया है। यह भारत की धरती है, जहां ‘सर्व खल्विदं ब्रह्म’ और ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ का संदेश दिया। इस धरती पर रहने वाला प्रत्येक व्यक्ति एक परिवार की तरह है। भारत की पवित्र धरती ने कंकर-कंकर में शंकर को पूजने की परंपरा बनाई है। उन्होंने कहा कि इन मान्यताओं का वास्तविक प्रतिदान जीवन में सेवा की भावना और गरीबों, समाज में पीछे रह गए व्यक्तियों, सांझा सांस्कृतिक तथा प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना है।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के जीवन से मर्यादा की प्रेरणा मिलती है, भगवान श्रीकृष्ण का जीवन कर्म, कर्तव्य और विवेक के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। श्री गुरु नानक देव जी का जीवन मानवता की सेवा का संकल्प देता है, जबकि गुरु गोबिंद सिंह जी का जीवन संस्कृति और धर्म की रक्षा के लिए स्वयं को समर्पित करने की प्रेरणा देता है। कपाल मोचन की विशेषता है कि इन सभी परंपराओं का साझा प्रतिरूप इस पावन धरती पर देखने को मिलता है।

*16 जिलों में जन औषधि केंद्रों के विस्तार की शुरुआत*

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में 16 जिलों में जन औषधि केंद्रों के विस्तार की शुरुआत को गरीबों की सेवा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि गरीबों को आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से मुफ्त इलाज के साथ-साथ ओपीडी उपचार के लिए सस्ती दवाइयां उपलब्ध कराने का प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है। आज देशभर में हजारों जन औषधि केंद्र गरीबों को सस्ती दरों पर दवाइयां उपलब्ध कराने का काम कर रहे हैं।

*हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के संकल्प को मिली गति*

श्री शेखावत ने कहा कि उन्हें जल शक्ति मंत्री के रूप में कपाल मोचन और इसके साथ जुड़ी मां सरस्वती की धारा को जीवंत करने के लिए काम करने का सौभाग्यपूर्ण अवसर मिला। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा है कि हर घर तक स्वच्छ पेयजल निरंतर और नियमित रूप से पहुंचे। उन्हें जल शक्ति मंत्रालय में पांच वर्ष तक काम करने का अवसर मिला और सतत प्रयासों से देश के 80 प्रतिशत घरों तक पीने का पानी पहुंचाने में सफलता प्राप्त हुई। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने से पानी के प्रदूषण से होने वाली बीमारियों को रोकने में बड़ी सफलता मिली है।

*भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल*

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। भारत की तरफ देखने का पूरी दुनिया का दृष्टिकोण बदल रहा है। एक तरफ भारत आर्थिक दृष्टि से तेजी से प्रगति कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ सामरिक दृष्टि से आत्मनिर्भर होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। तकनीक के क्षेत्र में भी भारत दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। वर्ल्ड बैंक के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश में बड़े स्तर पर आर्थिक परिवर्तन हुआ है और 50 करोड़ लोग गरीबी की रेखा से बाहर निकलकर बेहतर जीवन की ओर बढ़े हैं।

उन्होंने कहा कि देश में आंतरिक शांति का दौर है और भारत आर्थिक दृष्टि से प्रगति कर रहा है। देश के 250 से अधिक जिलों में फैले नक्सलवाद को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की दृढ़ इच्छाशक्ति और केंद्रीय गृह मंत्री के प्रयासों से समाप्त करने में सफलता मिली है।

*2047 तक विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण*

श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि आज हमारे सामने अपनी सभ्यता, संस्कृति और विरासत के संरक्षण के साथ-साथ देश की विकास गति को और अधिक बढ़ाने की जिम्मेदारी है। वर्ष 2047 तक भारत विकसित हो जाएगा और दुनिया की कोई ताकत अब भारत को विकसित होने से नहीं रोक सकती। लेकिन विकसित भारत के निर्माण में हमने क्या योगदान दिया है, यह आने वाले समय में हमारे लिए आकलन का विषय होगा। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी जब इस कालखंड का इतिहास लिखेगी, तो भारत की विरासत के संरक्षण के साथ-साथ विकास की यात्रा का भी उल्लेख इतिहास के पन्नों में दर्ज होगा।

उन्होंने कहा कि कपाल मोचन जैसी पावन धरती से हमें जल संरक्षण, प्रकृति और पर्यावरण के प्रति अपने दायित्वों के लिए संकल्पबद्ध होने तथा अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को पुनर्स्थापित और पुनर्जीवित कर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की प्रेरणा लेनी चाहिए।

इस अवसर पर विधायक श्री घनश्याम दास अरोड़ा, श्रीमती रेणू बाला, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव और वित्त आयुक्त डॉ सुमिता मिश्रा, मेयर श्रीमती सुमन बहमनी, पूर्व मंत्री श्री कंवर पाल, एससी—एसटी आयोग की चेयरपर्सन श्रीमती बंतो कटारिया, हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जगदीश सिंह झींडा, सरस्वती बोर्ड के उपाध्यक्ष श्री धूमन सिंह किरमचसहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।