August 31,2026 Fact Recorder
Himachal Desk: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव भाटी में खाना बनाते समय अचानक चूल्हे में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें LPG सिलेंडर तक पहुंच गईं, जिससे परिवार में हड़कंप मच गया।
आग बढ़ती देख परिवार के सदस्यों ने इसे बुझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति बिगड़ती देखकर रामकृष्ण ने तत्काल फतेहपुर फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायरमैन अजय प्राशर के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के साथ सिलेंडर को सुरक्षित नियंत्रित कर लिया।
समय रहते बुझाई आग, चार घर भी सुरक्षित
फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्परता दिखाते हुए आग को समय रहते फैलने से रोक दिया। इससे आसपास के करीब चार घरों को भी आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।
हादसे में घर में रखा सामान जलने से करीब 70 हजार रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। हालांकि LPG सिलेंडर में विस्फोट नहीं हुआ। इससे संभावित तौर पर 20 से 25 लाख रुपये के बड़े नुकसान को टाल दिया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में परिवार का कोई सदस्य घायल नहीं हुआ।
LPG सिलेंडर में आग लगने पर बरतें सावधानी
फायरमैन अजय प्राशर ने लोगों से अपील की कि LPG सिलेंडर में आग लगने पर घबराएं नहीं और सबसे पहले सभी लोगों को सुरक्षित स्थान पर ले जाएं। यदि स्थिति सुरक्षित हो तो गैस की सप्लाई बंद करने का प्रयास किया जा सकता है।
- सिलेंडर पर सीधे पानी की तेज धार न डालें।
- छोटी आग होने पर ABC/DCP फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल किया जा सकता है।
- घर और आसपास मौजूद लोगों को तुरंत सुरक्षित दूरी पर ले जाएं।
- घटना की सूचना तत्काल 101 या 112 पर दें।
- अगर सिलेंडर तेजी से गर्म हो रहा है, आग बढ़ रही है या गैस की तेज गंध महसूस हो रही है, तो खुद आग बुझाने का प्रयास न करें।
LPG सिलेंडर आग की वजह से अत्यधिक गर्म होने पर गंभीर हादसे का कारण बन सकता है। ऐसे में अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तुरंत फायर ब्रिगेड की मदद लेना सबसे सुरक्षित कदम है।













