09 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Haryana Desk: करियाना दुकान की आड़ में देसी शराब का अवैध कारोबार चलाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर इस अवैध धंधे का पर्दाफाश किया है।
जानकारी के अनुसार आरोपी लेमन जीरा, कोका-कोला और स्लाइस की खाली प्लास्टिक बोतलों में देसी शराब भरकर खुलेआम बिक्री कर रहे थे, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस की टीम जब दुकान पर पहुंची तो आरोपी का बेटा दीपक प्लास्टिक का थैला लेकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया।
तलाशी के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी पास के देसी शराब के ठेके से सस्ती शराब खरीदकर उसे कोल्ड ड्रिंक की खाली बोतलों में भरकर रखते थे और ग्राहकों को बेचते थे। मौके से माल्टा और देसी शराब के अधे-पव्वे के अलावा बड़ी संख्या में लेमन जीरा, कोका-कोला और स्लाइस की बोतलें बरामद की गईं, जिनमें देसी शराब भरी हुई थी।
पुलिस ने बरामद शराब के सैंपल सील कर जांच के लिए भेज दिए हैं। शहजादपुर थाना पुलिस ने आरोपी दीपक के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और इस अवैध शराब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी है।













