Home Hindi ब्लैक कॉफी में नींबू मिलाकर पीना कितना फायदेमंद? एक्सपर्ट ने बताया, वजन...

ब्लैक कॉफी में नींबू मिलाकर पीना कितना फायदेमंद? एक्सपर्ट ने बताया, वजन घटाने के दावे में कितनी सच्चाई

August 19,2026 Fact Recorder

Lifestyle Desk:  ब्लैक कॉफी आजकल हेल्थ और फिटनेस को लेकर काफी लोकप्रिय हो रही है। कई लोग इसमें नींबू का रस मिलाकर पीते हैं और इसे वजन कम करने व शरीर को डिटॉक्स करने का आसान तरीका मानते हैं। हालांकि, एक्सपर्ट के मुताबिक ब्लैक कॉफी और नींबू का यह कॉम्बिनेशन कोई चमत्कारी ड्रिंक नहीं है और इसके जरिए अकेले वजन कम करने के दावे को वैज्ञानिक आधार नहीं मिला है।

डायटेटिक्स एक्सपर्ट सुहानी सेठ अग्रवाल के मुताबिक, ब्लैक कॉफी में मौजूद कैफीन कुछ समय के लिए शरीर की ऊर्जा खर्च करने की क्षमता और मेटाबॉलिक रेट को बढ़ा सकता है। कुछ लोगों में इससे भूख भी कम महसूस हो सकती है। हालांकि, इसका प्रभाव सीमित होता है और लंबे समय तक वजन कम करने के लिए सिर्फ कॉफी पर निर्भर रहना सही तरीका नहीं है।

ब्लैक कॉफी में नींबू मिलाने से क्या होता है?

ब्लैक कॉफी में कैफीन होता है, जो व्यक्ति को ज्यादा अलर्ट और एनर्जेटिक महसूस करा सकता है। वहीं नींबू विटामिन-C का अच्छा स्रोत है। लेकिन नींबू को कॉफी में मिलाने से कोई अतिरिक्त फैट-बर्निंग प्रभाव पैदा होता है, इसके पर्याप्त वैज्ञानिक प्रमाण मौजूद नहीं हैं।

इसी तरह इस ड्रिंक को डिटॉक्स ड्रिंक मानना भी सही नहीं है। शरीर में मौजूद लिवर और किडनी प्राकृतिक रूप से अपशिष्ट पदार्थों को बाहर निकालने का काम करते हैं।

किन लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए?

हर व्यक्ति के लिए ब्लैक कॉफी और नींबू का कॉम्बिनेशन उपयुक्त नहीं होता। जिन लोगों को एसिडिटी, गैस, पेट में जलन या एसिड रिफ्लक्स की समस्या रहती है, उन्हें इसे पीने से परेशानी बढ़ सकती है। ऐसे लोगों को खास सावधानी बरतनी चाहिए।

ज्यादा कॉफी पीने से हो सकते हैं नुकसान

कॉफी में मौजूद कैफीन की मात्रा पर भी ध्यान देना जरूरी है। जरूरत से ज्यादा कैफीन लेने पर नींद प्रभावित हो सकती है, बेचैनी बढ़ सकती है, दिल की धड़कन तेज हो सकती है और पेट से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं।

अगर आपको ब्लैक कॉफी और नींबू का स्वाद पसंद है, तो इसे सीमित मात्रा में लिया जा सकता है। लेकिन वजन घटाने या शरीर को डिटॉक्स करने के लिए केवल इस ड्रिंक पर निर्भर रहना सही नहीं है।

वजन को नियंत्रित रखने के लिए संतुलित कैलोरी सेवन, पर्याप्त प्रोटीन और फाइबर, नियमित शारीरिक गतिविधि और अच्छी नींद ज्यादा महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।