Hisar Police Team Attack Accused Arrested DJ Controversy News Update | हिसार में पुलिस टीम पर हमला करने वाले गिरफ्तार: रात 10 बजे के बाद डीजे रोकने गई थी टीम, सरकारी गाड़ी तोड़ी – Hisar News

हिसार के आदमपुर में पुलिस ने सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने और सरकारी वाहन को नुकसान पहुंचाने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी खैरमपुर निवासी कृष्ण उर्फ चांदी और सिरसा की संजय कॉलोनी निवासी ऋतिक हैं।

उप निरीक्षक हरीश चंद्र ने बताया कि 20-21 मार्च की रात को डायल-112 की ईआरवी टीम को खैरमपुर में डीजे बजने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने एक शादी समारोह में बज रहे डीजे को रोकने का प्रयास किया। पुलिस ने हरियाणा उच्च न्यायालय के आदेश का हवाला देते हुए रात 10 बजे के बाद डीजे बंद करने को कहा।

इस पर आरोपियों सहित 10-12 लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। उन्होंने सरकारी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया। डायल 112 ईआरवी टीम प्रभारी उप निरीक्षक सरवन कुमार की शिकायत पर आदमपुर थाने में मामला दर्ज किया गया। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस शेष आरोपियों की तलाश कर रही है।