![]()
हिसार में फोटोग्राफर के साथ कार एक्सीडेंट के बाद मारपीट की। आरोपियों ने उसपर पिस्टल तान दी। जब वह नहीं चली तो, उसकी बट से वार किया। जिससे वह घायल हो गया। वहीं आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
।
आर्य नगर के रहने वाले 23 वर्षीय फोटोग्राफर सुरेंद्र अपने दो साथियों के साथ नरवाना से लौट रहा था। जेवरा गांव के पास एक फॉर्च्यूनर कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। सुरेंद्र ने बताया कि वह 21 मार्च को अपने साथी अभिषेक और पवन के साथ नरवाना में एक शादी में फोटोग्राफी करने गए थे।
नुकसान की भरपाई की मांग पर विवाद
सुरेंद्र ने कहा कि वापसी के दौरान एक फॉर्च्यूनर कार (HR-26-DL-0085) ने उनकी गाड़ी को सीधी टक्कर मार दी। सुरेंद्र ने टक्कर मारने वाली गाड़ी की वीडियो बनाई और नुकसान की भरपाई की मांग की।
इसी दौरान फॉर्च्यूनर से चार-पांच युवक उतरे और मारपीट शुरू कर दी। एक युवक ने सुरेंद्र पर पिस्टल तान दी। पिस्टल के नहीं चलने पर उसके बट से सुरेंद्र के सिर पर वार किया। इस हमले में सुरेंद्र के सिर से खून निकलने लगा और वह जमीन पर गिर गया।
जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार
आसपास के लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने धारा 190, 191(2), 115, 351(3), 324(6) और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। घायल सुरेंद्र का नागरिक अस्पताल में इलाज जारी है।











