Himachal Pradesh weather Update; Heat started increasing Shimla Manali Dharmshala | हिमाचल में बढ़ने लगी गर्मी: 10 शहरों का तापमान 30 डिग्री पार; अगले 5 दिन खिलेगी धूप, इससे और बढ़ेगी गर्मी – Shimla News

शिमला के रिज पर घुड़सवारी का आनंद उठाते हुए बच्चा और सैर करते हुए टूरिस्ट

हिमाचल प्रदेश के पहाड़ मार्च में ही तपने लगे है। प्रदेश के 10 शहरों का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस पार हो गया है। आने वाले चार-पांच दिन तक मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। इससे तापमान में दो से तीन डिग्री का और उछाल आएगा।

.

प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान नॉर्मल से 5 डिग्री ज्यादा हो गया है। कई शहरों का तापमान सामान्य की तुलना में 7 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा हो गया है। भुंतर के तापमान में नॉर्मल की तुलना में सबसे ज्यादा 7.3 डिग्री का उछाल आया है और यहां का तापमान 30.6 डिग्री पहुंच गया है।

शिमला का तापमान नॉर्मल से 7 डिग्री ज्यादा हुआ

शिमला के तापमान में भी 7.0 डिग्री का उछाल आने के बाद अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री हो गया है। कल्पा का तापमान 6.3 डिग्री के उछाल के साथ 18.6 डिग्री, बिलासपुर का पारा 6.9 डिग्री के उछाल के बाद 33.8 डिग्री और मनाली का तापमान 6.1 डिग्री ज्यादा के साथ 23.8 डिग्री हो गया है।

न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ज्यादा हुआ

इसी तरह अन्य शहरों के तापमान में भी उछाल आया है। प्रदेश के ज्यादातर शहरों में न्यूनतम तापमान भी नॉर्मल से ज्यादा हो गया है। वहीं बीते 48 घंटे के दौरान बारिश व बर्फबारी का पूर्वानुमान था। मगर यह गलत साबित हुआ है।

मार्च में सामान्य से 27 प्रतिशत कम बारिश

प्रदेश में मार्च में सामान्य से 27 प्रतिशत कम बारिश बर्फबारी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, एक से 27 मार्च तक प्रदेश में 103.2 मिलीमीटर सामान्य बारिश होती है, लेकिन इस बार 75.7 मिलीमीटर बादल बरसे हैं।

शिमला और कुल्लू को छोड़कर अन्य सभी 10 जिलों में नॉर्मल से कम बारिश हुई है। शिमला में सामान्य से 9 प्रतिशत और कुल्लू में 30 प्रतिशत ज्यादा बादल बरसे हैं। वहीं ऊना में नॉर्मल की तुलना में 58 प्रतिशत कम बारिश हुई है।