September 07,2026 Fact Recorder
Himachal Desk: हिमाचल प्रदेश के 44 इंजीनियरिंग छात्र जापान की उन्नत तकनीक और औद्योगिक कार्यप्रणाली को करीब से समझने के लिए रवाना हुए हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इन विद्यार्थियों को वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर यात्रा के लिए रवाना किया। इस दौरान प्रशिक्षु डॉक्टरों के जल्द जापान भेजे जाने की भी जानकारी दी गई।
12 सितंबर तक चलने वाली इस शैक्षणिक यात्रा में प्रदेश के विभिन्न इंजीनियरिंग महाविद्यालयों से चयनित 24 छात्र और 20 छात्राएं शामिल हैं। करीब 650 आवेदनों में से मेरिट के आधार पर विद्यार्थियों का चयन किया गया है।
यात्रा के दौरान छात्र जापान की अंतरिक्ष तकनीक, रोबोटिक्स, विमानन, उन्नत विनिर्माण और आधुनिक परिवहन प्रणालियों के साथ-साथ यूनिवर्सिटी, साइबरडाइन रोबोटिक्स स्टूडियो, जेसीबीएल एयरस्पेस फैक्टरी और अन्य संस्थानों का दौरा करेंगे। उन्हें जापान की कार्यसंस्कृति और तकनीकी विकास को समझने का अवसर भी मिलेगा।
तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि यह एक्सपोजर विजिट विद्यार्थियों को जापान की तकनीकी प्रगति से परिचित कराने के साथ-साथ उन्हें नए कौशल सीखने का अवसर देगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि विद्यार्थी जापान से अनुशासन, कार्यसंस्कृति और सामाजिक मूल्यों के बारे में भी महत्वपूर्ण अनुभव लेकर लौटेंगे।













