05 जून 2025 फैक्टर रिकॉर्डर
Himachal Desk: हिमाचल में प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध की ओर कदम, स्कूलों के बच्चों को मिलेंगी स्टील की बोतलें: सीएम सुक्खू विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने गुरुवार को पीटरहॉफ शिमला में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने प्लास्टिक प्रदूषण को खत्म करने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं और पहल शुरू की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार चरणबद्ध तरीके से प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध की दिशा में काम कर रही है। सरकारी कार्यालयों में प्लास्टिक की बोतलों पर पहले ही रोक लगाई जा चुकी है, और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना भी लगाया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने ‘सिंगल यूज़ प्लास्टिक चालान ऐप’ की शुरुआत की, जिसका इस्तेमाल संबंधित विभाग करेंगे।
सीएम सुक्खू ने बताया कि प्रदेश में कई पर्वतीय क्षेत्रों को ग्रीन ज़ोन घोषित किया गया है और 31 मार्च 2026 तक हिमाचल को पूर्ण रूप से ग्रीन स्टेट बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए, उन्होंने घोषणा की कि राज्य के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को छह लाख स्टील की बोतलें वितरित की जाएंगी, जिससे प्लास्टिक की खपत कम हो सके।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने बताया कि ई-वाहनों को बढ़ावा देने के लिए युवाओं को सब्सिडी दी जा रही है। साथ ही, ग्रीन हाइड्रोजन प्रोजेक्ट को अगले वर्ष तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने नीति आयोग की बैठक में हिमाचल को ग्रीन बोनस टैक्स देने की मांग भी दोहराई।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्लास्टिक न्यूट्रल हिमाचल-2030 अभियान, स्वच्छ शिमला अभियान और ओक ओवर शिमला से साइकिल रन का भी शुभारंभ किया। इस आयोजन में स्कूली छात्रों, स्वयंसेवकों, होमगार्ड्स और विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमूह को हिमाचल को प्लास्टिक न्यूट्रल बनाने की शपथ भी दिलाई।
उन्होंने कहा कि हिमाचल की सुंदरता उसकी पहचान है और इसे बनाए रखने के लिए पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाना होगा। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि प्लास्टिक के खिलाफ इस मुहिम में वे सक्रिय भागीदारी निभाएं।
इस अवसर पर विधायक हरीश जनारथा, शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान, उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
