Home Haryana हरियाणा राज्यसभा चुनाव आज: विधानसभा में मतदान, शाम तक आएंगे नतीजे

हरियाणा राज्यसभा चुनाव आज: विधानसभा में मतदान, शाम तक आएंगे नतीजे

16 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Haryana Desk:  हरियाणा की दो राज्यसभा सीटों के लिए सोमवार को मतदान होगा और परिणाम भी उसी दिन शाम तक घोषित कर दिए जाएंगे। वोटिंग सुबह 9 बजे से हरियाणा विधानसभा परिसर में शुरू होगी, जो शाम 4 बजे तक चलेगी। इसके बाद शाम 5 बजे से मतगणना शुरू कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।

इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने संजय भाटिया को उम्मीदवार बनाया है, जबकि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से कर्मवीर बौद्ध मैदान में हैं। वहीं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नांदल ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन किया है।

चुनाव से पहले प्रदेश की सियासत गरमा गई है। क्रॉस वोटिंग की आशंका को देखते हुए कांग्रेस ने अपने विधायकों को कुछ समय के लिए हिमाचल प्रदेश में ठहराया था। रविवार को उन्हें कुफरी से कसौली ले जाया गया और वहां से सीधे चंडीगढ़ पहुंचाने की तैयारी की गई।

कांग्रेस नेतृत्व ने विधायकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वोटिंग के दौरान किसी भी तरह की क्रॉस वोटिंग या तकनीकी गलती को गंभीर अनुशासनहीनता माना जाएगा और ऐसी स्थिति में सख्त कार्रवाई की जा सकती है।

दूसरी ओर भाजपा ने भी अपने सभी विधायकों को चंडीगढ़ में ही रखा है। पार्टी ने वोटिंग प्रक्रिया को समझाने और क्रॉस वोटिंग से बचने के लिए विधायकों को विशेष प्रशिक्षण दिया है। मतदान के दिन सभी विधायक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ विधानसभा पहुंचेंगे।

वहीं इंडियन नेशनल लोकदल के दो विधायक हैं और पार्टी सूत्रों के अनुसार वह इस चुनाव में मतदान का बहिष्कार कर सकती है। निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल को कुछ निर्दलीय विधायकों का समर्थन मिलने का दावा किया जा रहा है, जिससे मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।