हरमन का प्यार भरा टैटू वायरल, बोलीं – “तुम्हारा बहुत इंतजार किया, अब हर रोज देखूंगी

हरमन का प्यार भरा टैटू वायरल, बोलीं

05 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Sports Desk: भारतीय महिला टीम ने जीता पहला महिला वनडे विश्व कप, हरमनप्रीत कौर ने बांह पर बनवाया खास टैटू                                                                                                                          भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रविवार को इतिहास रचते हुए पहली बार महिला वनडे विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। फाइनल में टीम ने दक्षिण अफ्रीका को हराया और लंबे समय से चली आ रही आईसीसी ट्रॉफी की सूखी खत्म कर दी। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने शानदार नेतृत्व करते हुए भारत की पहली महिला कप्तान के रूप में आईसीसी ट्रॉफी जीतने का गौरव हासिल किया।

इस ऐतिहासिक जीत की खुशी में हरमनप्रीत ने अपनी बांह पर एक खास टैटू बनवाया है, जिसमें 52 लिखा है – यह 52 साल के महिला वनडे विश्व कप इतिहास में भारत की पहली जीत को दर्शाता है। टैटू में जीत का साल 2025 भी अंकित है। हरमनप्रीत ने इंस्टाग्राम पर इसे साझा करते हुए लिखा, “हमेशा के लिए मेरी त्वचा और दिल में बस गए हो। पहले दिन से तुम्हारा इंतजार कर रही थी और अब मैं हर सुबह तुम्हें देखूंगी और तुम्हारी आभारी रहूंगी।”

बीसीसीआई द्वारा साझा किए गए वीडियो में हरमनप्रीत ने कहा कि यह पल उनके लिए बेहद भावुक कर देने वाला है। उन्होंने बताया कि यह उनका बचपन का सपना था और आज वह इसे कप्तान के रूप में पूरा कर पाईं। उन्होंने जीत के बाद अपनी भावनाओं को साझा करते हुए कहा कि अब टीम बहुत रिलैक्स महसूस कर रही है और भगवान की आभारी हैं कि जिस चीज का सपना देखा था, वह सच हो गया।