Gurugram illegal construction | Aravalli hills encroachment | Sohna Municipal Council action | Update News | गुरुग्राम में 6 फॉर्म हाउस पर चला बुलडोजर: कई ठेकेदार मजदूरों को लेकर मौके से भागे, 10 दिन पहले दिया था नोटिस – Sohna News

फॉर्म हाउसों की चारदीवारी तोड़ते हुए बोलडोजर।

गुरुग्राम में सोहना नगर परिषद ने रायसीना अरावली पहाड़ी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। प्रशासन ने अवैध रूप से बन रहे फॉर्म हाउसों की दीवारों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। डयूटी मजिस्ट्रेट राजपाल खटाना की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई।

परिषद की टीम ने करीब 6 फॉर्म हाउसों की 10 से 12 फुट ऊंची चारदीवारी को तोड़ा। टीम के साथ भारी पुलिस बल भी मौजूद था। कार्रवाई के दौरान निर्माण कार्य में लगे मजदूरों ने कोई विरोध नहीं किया। कई ठेकेदार मजदूरों को लेकर मौके से भाग गए।

मजदूर निर्माण स्थल पर सीमेंट के कट्टे और तैयार मसाला छोड़कर चले गए।

10 दिन पहले दिया था नोटिस

नगर परिषद ने इससे पहले करीब 10 दिन पहले लगभग 36 फॉर्म हाउसों को नोटिस जारी किया था। डयूटी मजिस्ट्रेट राजपाल खटाना ने कहा कि अभियान देर से शुरू होने के कारण सिर्फ 6 फॉर्म हाउसों पर कार्रवाई हो सकी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अरावली क्षेत्र में अवैध निर्माण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा।