August 11,2026 Fact Recorder
Himachal Desk: मणिमहेश यात्रा से पहले हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भरमौर में ग्रीन टैक्स लागू कर दिया गया है। पर्यावरण संरक्षण और क्षेत्र के विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रशासन ने बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों पर यह शुल्क लागू किया है।
भरमौर में प्रवेश करने वाले पात्र बाहरी वाहनों से वाहन की श्रेणी के अनुसार ग्रीन टैक्स लिया जाएगा। इसके लिए सुंकू की टपरी में कर संग्रह केंद्र स्थापित किया गया है। प्रशासन के मुताबिक यह व्यवस्था लगातार लागू रहेगी।
ग्रीन टैक्स की दरें इस प्रकार हैं:
- दोपहिया वाहन: 50 रुपये
- कार: 100 रुपये
- एसयूवी/एमयूवी: 300 रुपये
- बस: 500 रुपये
यह शुल्क भरमौर में प्रवेश करने वाले अन्य राज्यों के वाहनों पर लागू होगा।
हालांकि, आरएलए भरमौर में पंजीकृत वाहन, स्थानीय निवासियों के वाहन और स्थानीय टैक्सी यूनियन की गाड़ियां ग्रीन टैक्स से पूरी तरह मुक्त रहेंगी। वहीं, भरमौर से खड़ामुख के बीच रोजाना आवागमन करने वाले वाहनों के लिए प्रशासन की ओर से विशेष पास जारी किए जाएंगे। पासधारक वाहनों से भी ग्रीन टैक्स नहीं लिया जाएगा।
प्रशासन का कहना है कि ग्रीन टैक्स की व्यवस्था से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ क्षेत्र के विकास को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को भी राहत मिलेगी।













