देहरादून में गूंजा गोरखा संस्कृति का उत्सव, गोरखा हिमालयन फेस्टिवल का भव्य आगाज़

21 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk: शहीद मेजर दुर्गा मल्ल मैदान में आयोजित तीन दिवसीय गोरखा हिमालयन फेस्टिवल 2026 के पहले अध्याय का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन हरीश रावत ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने हिमालयी राज्यों में गोरखा समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी विविधता, लोकसंस्कृति और पारंपरिक मूल्यों से है।

हरीश रावत ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ परंपराओं के संरक्षण का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने देहरादून समेत पूरे प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक संख्या में फेस्टिवल में सहभागिता का आह्वान किया।

कार्यक्रम में गोरखा हिमालयन समिति के संस्थापक आचार्य डॉ. सुशांत महाराज, अध्यक्ष कमला थापा, संरक्षक गोदावरी थापली और सलाहकार राजन शाही उपस्थित रहे। मंच संचालन ज्योति कोटिया एवं प्रभा शाह ने किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी और संगठन की राष्ट्रीय महामंत्री नूतन बिष्ट भी कार्यक्रम में शामिल रहीं।

तीन दिवसीय महोत्सव के दौरान पारंपरिक लोकनृत्य, रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, स्थानीय हस्तशिल्प प्रदर्शनी, पारंपरिक व्यंजन और विविध सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। यह उत्सव हिमालयी और गोरखा समुदाय की सांस्कृतिक एकता व समृद्ध परंपराओं का जीवंत प्रतीक बनकर उभरा है।