04 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Business Desk: बुधवार को भी सर्राफा बाजार में तेजी का रुख बना रहा। शुरुआती कारोबार में सोना और चांदी दोनों की कीमतों में उल्लेखनीय उछाल दर्ज किया गया। बुलियन बाजार के ताजा भावों के अनुसार, सुबह करीब 9:15 बजे चांदी की कीमतों में ₹11,700 प्रति किलो की बढ़ोतरी देखने को मिली, जबकि सोना लगभग ₹4,700 प्रति 10 ग्राम महंगा हो गया।
लगातार गिरावट के दौर के बाद बीते कुछ सत्रों से कीमती धातुओं में खरीदारी बढ़ी है, जिसका असर आज भी बाजार पर साफ नजर आया। विशेषज्ञों के मुताबिक, वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेत, डॉलर में उतार-चढ़ाव और निवेशकों की सुरक्षित विकल्पों की ओर बढ़ती रुचि के चलते सोना-चांदी को सपोर्ट मिला है।
गौरतलब है कि एक दिन पहले भी सर्राफा बाजार में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई थी। मंगलवार को सोना करीब ₹8,246 उछलकर ₹1,49,939 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया था। वहीं, चांदी में करीब 14 फीसदी की तेज बढ़त देखने को मिली थी और इसके भाव ₹33,732 बढ़कर ₹2,69,993 प्रति किलो हो गए थे।
बाजार जानकारों का मानना है कि अगर अंतरराष्ट्रीय संकेत ऐसे ही बने रहे और घरेलू मांग में मजबूती जारी रही, तो आने वाले दिनों में सोना-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव के साथ तेजी का सिलसिला बना रह सकता है।













